Move to Jagran APP

MP DA Hike: एमपी सरकार ने दीवाली से पहले कर्मचारियों को दिया तोहफा, अब मिलेगा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता

दीवाली के त्योहार पर मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के लिए सरकार खुशखबरी लेकर आई है। राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए अब महंगाई भत्ता बढ़ा दिया है। कर्मचारियों को अब 46 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा मैं सभी को बधाई देता हूं।

By Jagran News Edited By: Versha Singh Updated: Mon, 28 Oct 2024 02:36 PM (IST)
Hero Image
मध्य प्रदेश में कर्मचारियों के लिए बढ़ाया गया DA (फाइल फोटो)
पीटीआई, भोपाल। दीवाली के पर्व पर मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को खुशियों का तोहफा मिला है। बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार ने दीवाली से पहले अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (Dearness Allowance, DA) 46 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होगी।

1 जनवरी 2024 से मिलेगा 50 प्रतिशत DA

पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, मैं सभी को बधाई देता हूं क्योंकि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की खुशी दोगुनी हो गई है, क्योंकि यह दीवाली और एक नवंबर को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर हुआ है।

अविभाजित मध्य प्रदेश का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था और छत्तीसगढ़ का गठन 2000 में इसी तारीख को हुआ था। यादव ने कहा कि राज्य के वित्त विभाग ने 14 मार्च 2024 के आदेश में 46 प्रतिशत डीए को मंजूरी दी है। यह 1 जुलाई 2023 से प्रभावी है और बकाया राशि का भुगतान किश्तों में किया जाएगा।

उन्होंने कहा, अब सभी सरकारी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2024 से 50 प्रतिशत डीए दिया जाएगा। 

प्रदेश में 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता

बता दें कि जुलाई 2023 से प्रदेश के सात लाख से अधिक नियमित और निगम-मंडल के कर्मचारियों को 46 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। पांचवें और छठे वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी इसी दर से बढ़ाया गया है। जुलाई 2023 से फरवरी 2024 के बीच का एरियर तीन बराबर किस्तों में वितरित किया गया।

वहीं, पेंशनभोगियों की महंगाई राहत मार्च 2024 से बढ़ाई गई। लेकिन उन्हें एरियर नहीं दिया गया। दूसरी ओर भारत सरकार ने जनवरी 2024 में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी।

CM यादव ने दी दीवाली की बधाई

इसके साथ ही यादव ने अपील करते हुए कहा कि हम सभी दीपावली के अवसर पर अपना ध्यान रखें। अपने आसपास के लोगों का भी ध्यान रखें, गरीब से गरीब आदमी के आंखों में भी आनंद आए। आप सभी से यही कामना करते हुए, पुनः दीपावली की बधाई, मंगलकामनाएं।

यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले 81 लाख किसानों को बड़ा तोहफा देंगे PM मोदी, सीधे खाते में भेजेंगे 1624 करोड़ रुपये

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।