Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

50 प्रतिशत कमीशन: भाजपा ने प्रियंका गांधी और कमलनाथ के विरुद्ध पुलिस में की शिकायत, कांग्रेस ने बोला हमला

मध्य प्रदेश में अधिकारियों द्वारा ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का पत्र बहुप्रसारित होने के बाद कांग्रेस और भाजपा द्वारा एक-दूसरे की घेराबंदी जारी है। भाजपा नेताओं ने शनिवार को भोपाल में क्राइम ब्रांच में और इंदौर के संयोगितागंज थाने में शिकायत कर कहा है कि कांग्रेस नेता फर्जी पत्र प्रचारित कर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Sun, 13 Aug 2023 03:30 AM (IST)
Hero Image
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो)

भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश में अधिकारियों द्वारा ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का पत्र बहुप्रसारित होने के बाद कांग्रेस और भाजपा द्वारा एक-दूसरे की घेराबंदी जारी है। इस मामले में शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला था।

BJP ने क्राइम ब्रांच को दिया शिकायती पत्र

अब भाजपा नेताओं ने शनिवार को भोपाल में क्राइम ब्रांच में और इंदौर के संयोगितागंज थाने में शिकायत कर कहा है कि कांग्रेस नेता फर्जी पत्र प्रचारित कर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने शिकायत में कहा है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा षड्यंत्रपूर्वक किसी ठेकेदार, एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित कर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने प्रियंका गांधी, कमलनाथ, जयराम रमेश, अरुण यादव आदि के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में क्या कुछ कहा गया?

शिकायत में कहा गया है कि इंटरनेट मीडिया पर 'मध्य प्रदेश ठेकेदार संघ' द्वारा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश को पत्र लिखकर शिकायत की बात कही गई है।

पत्र में लिखा गया है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। उक्त पत्र में शिकायतकर्ता का पता बसंत विहार कालोनी लश्कर ग्वालियर लिखा है, पर उक्त नाम का न कोई संघ है और न ही कोई व्यक्ति है। पता भी झूठा है। यह पत्र पूरी तरह निराधार और फर्जी है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन रहे शामिल?

पुलिस से शिकायत करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा आदि शामिल थे। डीसीपी क्राइम ब्रांच श्रुति कृति सोमवंशी ने कहा,

भाजपा नेताओं से शिकायत मिली है, जांच की जाएगी।

उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा है कि जो गले तक भ्रष्टाचार में डूबे हों, उन पर भरोसा कौन करेगा। कमलनाथ जी खुद करप्शन नाथ हैं। छापा पड़ा तो 280 करोड़ रुपये कहां से निकले?

भाजपा ने प्रियंका पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने किसी एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र जारी कर बड़ा झूठ बोला है। यह षड्यंत्र है। प्रियंका गांधी को जवाब देना होगा।

कांग्रेस ने क्या कुछ कहा?

मप्र भ्रष्टाचार और घोटालों का गढ़ बन चुका है। 220 माह में 220 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। कांट्रैक्टर और पेटी कांट्रैक्टर ने ग्वालियर हाई कोर्ट में कहा है कि काम करने के लिए सरकार 50 प्रतिशत कमीशन मांगती है। कर्नाटक में कमीशन वाली सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका, मप्र में भी कमीशन वाली सरकार को उखाड़ फेंकेगी। - अरुण यादव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि मैं उस व्यक्ति को धन्यवाद देता हूं, जिसने हाई कोर्ट को यह पत्र लिखा। मैं तो न्यायालय से आग्रह करूंगा कि पत्र लिखने वाले व्यक्ति को व्हिसल ब्लोअर माना जाए और उसे पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए। पत्र न्यायालय को लिखा गया है, इस पर न्यायालय ही संज्ञान लेगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर