Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MP Politics: अब मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा... कैलाश विजयवर्गीय से मिले मुख्यमंत्री माेहन यादव, जल्द फाइनल हो सकते हैं नाम

मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ही पार्टी और केंद्रीय नेतृत्व के सामने इस बार मंत्रियों का चयन और फिर विभागों का बंटवारा बेहद चुनौती भरा काम है। एक-दो दिन में नाम चिह्नित करने की कोशिश है। सभी की राय के बाद संभावित मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री दो-तीन दिन में दिल्ली भी जा सकते हैं।

By Jagran NewsEdited By: Mohammad SameerUpdated: Thu, 14 Dec 2023 06:30 AM (IST)
Hero Image
मंत्रियों के नाम तय करने की चल रही कवायद

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्रियों के कार्यभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री और पार्टी संगठन के सामने बड़ी चुनौती मंत्रियों के नाम तय करने को लेकर है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव बुधवार रात को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक कैलाश विजयवर्गीय से मिलने भोपाल स्थित उनके आवास पर पहुंचे।

दोनों के बीच लगभग डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई। माना जा रहा है कि संभावित मंत्रियों के कुछ कद्दावार नामों पर भी बैठक में बातचीत हुई है। उधर, नरेंद्र सिंह तोमर पूर्व गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई। इसे भी नए मंत्रियों के चयन से जोड़कर देखा जा रहा है।

इधर, सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री चयन की तरह समानांतर रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिग्गज नेता अपनी कवायद कर रहे हैं। वे अपनी सूची भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश को सौंपेंगे। विजयवर्गीय प्रदेश के कद्दावर नेता हैं। वह भी इंदौर-1 विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। इसके अलावा रमेश मेंदौला सहित उनके कुछ समर्थक विधायक भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की आस लगा रहे हैं।

बेहद चुनौती भरा काम है

मुख्यमंत्री यादव के साथ ही पार्टी और केंद्रीय नेतृत्व के सामने इस बार मंत्रियों का चयन और फिर विभागों का बंटवारा बेहद चुनौती भरा काम है। एक-दो दिन में नाम चिह्नित करने की कोशिश है। सभी की राय के बाद संभावित मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री दो-तीन दिन में दिल्ली भी जा सकते हैं। बता दें कि इस चुनाव में प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, रीति पाठक, राव उदय प्रताप सिंह जैसे कई बड़े नेता भी विधानसभा के सदस्य बने हैं।

अब इन्हें और इनके समर्थक विधायकों को नई जिम्मेदारी देने को लेकर हर स्तर पर माथापच्ची चल रही है। संगठन के स्तर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आदि के बीच भी मंथन हो रहा है। दावेदार भी इनसे मिल रहे हैं। हालांकि, माना यही जा रहा है कि मंत्रियों के नाम दिल्ली से ही तय होंगे। कुछ लोग यह भी अनुमान लगा रहे हैं कि अधिमास की वजह से अभी नए मंत्रियों की शपथ नहीं होगी, लेकिन इतने दिन प्रतीक्षा कठिन होगी। ऐसे में जल्द ही नाम तय हो सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः Hamas Chief: क्या घुटने टेकेगा हमास? आतंकी संगठन प्रमुख ने कहा- इजरायली हमले से बचने के लिए हम चर्चा करने को तैयार