Move to Jagran APP

संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत ने कहा- नागरिकों के देश भक्त होने से बड़ा बनता है कोई भी राष्ट्र

संघ प्रमुख ने कहा कि संघ का कार्यालय ऐसा होना चाहिए जहां आने वाले व्यक्ति को संघ जैसा वातावरण नजर आए। लोग किसी स्वार्थ अथवा भय के कारण संघ से नहीं जुड़ते हैं। आत्मीयता ही एकमात्र वजह है जो लोगों को संघ से जोड़ती है।

By Jagran NewsEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Mon, 17 Apr 2023 08:10 PM (IST)
Hero Image
संघ प्रमुख ने बुरहानपुर में नए कार्यालय भवन के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए विचार
बुरहानपुर, जेएनएन। कोई भी राष्ट्र तब बड़ा बनता है, जब वहां के नागरिक देशभक्त हों और देश के लिए कोई भी त्याग करने को तैयार हों। भारत भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के माध्यम से इसी ओर आगे बढ़ रहा है। यह बातें संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत ने कहीं। सोमवार को उन्होंने मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में संघ के नए जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।

लोकार्पण अवसर पर भागवत ने व्यक्त किए विचार

संघ के संस्थापक हेडगेवार ने मध्य प्रदेश में पहली शाखा बुरहानपुर में ही लगाई थी। इस कार्यालय का निर्माण डा. हेडगेवार स्मारक समिति द्वारा कराया गया है। बता दें कि संघ के संस्थापक डा. केशव राव बलिराम हेडगेवार ने मध्य प्रदेश में संघ की पहली शाखा यहीं लगाई थी। अपने उद्बोधन में डा. मोहन भागवत ने जापान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का एक शोध सामने आया था, जिसमें जापान के बड़े होने के पीछे नौ प्रमुख कारण बताए गए थे।

इनमें लोगों के देशभक्त होने, अपने स्वार्थ का त्याग करने, साहस के लिए तैयार रहने और देश व समाज हित का ध्यान रखकर अनुशासन में रहने के बिंदु प्रमुख थे। उन्होंने कहा कि देश को परम वैभव तभी मिलेगा, जब हम अपनी क्षमता में लगातार वृद्धि करते रहेंगे। संगठित शक्ति का लोक कल्याण के लिए उपयोग होना चाहिए। देश के 130 करोड़ लोगों को राष्ट्र के लिए संगठित होना होगा।

आत्मीयता ही संघ से जुड़ने की एकमात्र वजह

संघ प्रमुख ने कहा कि संघ का कार्यालय ऐसा होना चाहिए, जहां आने वाले व्यक्ति को संघ जैसा वातावरण नजर आए। लोग किसी स्वार्थ अथवा भय के कारण संघ से नहीं जुड़ते हैं। आत्मीयता ही एकमात्र वजह है, जो लोगों को संघ से जोड़ती है। यह देश और संस्कृति जैसी भी है, हमारी है। हिंदू संस्कृति की रक्षा हमारा दायित्व है। यदि कहीं कुछ गड़बड़ है तो उसे ठीक करना भी हमारा काम है।

कार्यालय में अनुशासन जरूरी है, लेकिन उसका पालन इस तरह नहीं कराया जाना चाहिए कि लोगों को बंधन महसूस हो। कार्यक्रम में मालवा प्रांत के संघचालक प्रकाश शास्त्री, बुरहानपुर के संघचालक संजय चौधरी और डाक्टर हेडगेवार स्मारक समिति के अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला मौजूद उपस्थित रहे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।