Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कांग्रेस का मिशन एमपी, प्रियंका गांधी करेंगी जबलपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत; ये है पूरा कार्यक्रम

मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र का जबलपुर सबसे बड़ा शहर है। इस क्षेत्र में कांग्रेस ने साल 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस दौरान भाजपा को सिर्फ दो सीटों से संतोष करना पड़ा था।

By AgencyEdited By: Mohd FaisalUpdated: Sun, 11 Jun 2023 02:16 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस का मिशन एमपी, प्रियंका गांधी करेंगी जबलपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत (फाइल फोटो)

जबलपुर (मध्य प्रदेश), एजेंसी। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने अभी से ही कमर कस ली है। इसी के चलते कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी।

नर्मदा नदी की पूजा के बाद रोड शो करेंगी प्रियंका

कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा मध्य प्रदेश की जीवन रेखा मानी जाने वाली नर्मदा नदी की पूजा अर्चना करने के बाद 12 जून को जबलपुर में रोड शो करेंगी। इस दौरान वह एक रैली के माध्यम से विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी।

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने दी थी BJP को पटखनी

दरअसल, मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र का जबलपुर सबसे बड़ा शहर है। इस क्षेत्र में कांग्रेस ने साल 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस दौरान भाजपा को सिर्फ दो सीटों से संतोष करना पड़ा था।

जबलपुर मेयर ने दी कार्यक्रम की जानकारी

जबलपुर मेयर और कांग्रेस के शहर प्रमुख जगत बहादुर सिंह ने रविवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि प्रियंका गांधी शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे शहीद स्मारक में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान वह पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान संकल्प 2023 की शुरुआत करेंगी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे प्रियंका गांधी जबलपुर पहुंचकर नर्मदा नदी की पूजा भी करेंगी।

कांग्रेस का दावा- दो लाख लोग होंगे रैली में शामिल

जगत बहादुर सिंह ने आगे बताया कि प्रियंका गांधी रैली स्थल के रास्ते में मौजूद रानी दुर्गावती की एक प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी, जिन्होंने मुगलों से लड़ते हुए शहादत प्राप्त की थी। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस रैली में कम से कम दो लाख लोग शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि आठ जिलों वाले जबलपुर संभाग के लोग खुद को भाजपा द्वारा उपेक्षित महसूस करते हैं। हमने इस क्षेत्र में पिछली बार अच्छा प्रदर्शन किया था। इस बार हम चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने जा रहे हैं।

कांग्रेस ने जबलपुर को क्यों चुना?

मध्य प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने कहा कि रैली महाकौशल में आयोजित की जा रही है क्योंकि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा वहां से नहीं गुजरी थी। उन्होंने कहा कि इस रैली से पड़ोसी विंध और बुंदेलखंड क्षेत्रों में कांग्रेस को मदद मिलेगी। इसके अलावा महाकौशल क्षेत्र में मजबूत सत्ता विरोधी लहर भाजपा सरकार के खिलाफ है और कांग्रेस के पारंपरिक आदिवासी मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा इस क्षेत्र में रहता है।

कांग्रेस ने हासिल की थी 24 सीटों पर जीत

  • बता दें कि मध्य प्रदेश में मुख्य तौर पर छह क्षेत्र हैं, जिनमें महाकौशल, ग्वालियर-चंबल, मध्य भारत, निमाड़-मालवा, विंध्य और बुंदेलखंड हैं। 
  • महाकौशल या जबलपुर संभाग में जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और छिंदवाड़ा सहित आठ जिले आते हैं।
  • साल 2018 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा ने क्षेत्र के 38 विधानसभा क्षेत्रों में से 13 पर जीत हासिल की थी।
  • वहीं, एक सीट पर कांग्रेस के करीबी निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी।