Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Khandwa News: कर्ज से परेशान किसान ने अपने ही खेत में फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Madhya Pradesh News मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक किसान ने अपने ही खेत में एक पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। बताया जा रहा है कि किसान कर्ज से परेशान था। उस पर करीब तीन लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। किसान की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

By Jagran NewsEdited By: Manish NegiUpdated: Thu, 21 Sep 2023 03:15 PM (IST)
Hero Image
कर्ज से परेशान किसान ने अपने ही खेत में फांसी लगाकर दी जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

खंडवा, ऑनलाइन डेस्क। पंधाना तहसील के गोराड़िया गांव में एक आदिवासी किसान ने कर्ज से परेशान होकर अपनी जान दे दी है। किसान का शव गुरुवार सुबह उसी के खेत में फांसी से लटका मिला है। इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

मृतक किसान का नाम पंढरी पुत्र बंशी बताया जा रहा है और उसकी उम्र करीब 48 साल थी। जानकारी के मुताबिक, वर्षा की लंबी खेंच और फिर अतिवृष्टि से कई किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। पंढरी भी इसी बात से परेशान चल रहा था। फसल बर्बाद होने से दुखी पंढरी ने अपने खेत में ही एक पेड़ पर फांसी लगा ली।

तीन लाख का था कर्ज

बताया जा रहा है कि पंढरी पर करीब तीन लाख रुपये का कर्ज था। मृतक किसान की पत्नी राजकुमारी ने कहा कि सोयाबीन की फसल खराब होने के बाद से पति मानसिक रूप से परेशान और गुमसुम रहते थे। वो कहते थे, 'फसल खराब हो गई, अब मैं कर्ज कहां से चुकाऊंगा।'

राजकुमारी ने बताया कि हमें इसका नहीं पता था कि वो इस तरह का कदम उठा लेंगे। वहीं, पंढरी के रिश्तेदारों ने बताया कि उसने तीन एकड़ में सोयाबीन की फसल के साथ बंटाई से भी एक खेत लिया था। दोनों ही खेतों में फसल नष्ट होने के कारण उसे कर्ज चुकाने की चिंता सता रही थी। पंढरी के चार बच्चे हैं। इनमें तीन लड़की, एक लड़का शामिल है। किसान को बेटियों की शादी की भी चिंता थी।

मृतक के काका व गोराड़िया ग्राम के सरपंच रमेश ने बताया कि कर्ज होने और फसल खराब होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पंधाना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक पंढरी को फांसी के फंदे से उतारकर पंचनामा बनाया। शव का पोस्टमार्टम कर स्वजनों को सौंप दिया गया। पूरे मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें