Move to Jagran APP

Maharashtra Politics: आदित्य ठाकरे को तेजस्वी सूर्या की चुनौती, वरली में भाजयुमो के शाखा कार्यालय का उद्घाटन

Maharashtra Politics भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे को चुनौती देने उनके विधानसभा क्षेत्र वरली पहुंचे। वहां उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के एक शाखा कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान तेजस्वी ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा।

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar MishraUpdated: Fri, 04 Nov 2022 08:39 PM (IST)
Hero Image
आदित्य ठाकरे को उनके गढ़ में तेजस्वी सूर्या ने दी चुनौती, भाजयुमो के शाखा कार्यालय का उद्घाटन। फाइल फोटो

मुंबई, राज्य ब्यूरो। Maharashtra Politics: भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या (Tejasvi Surya) शुक्रवार को युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) को चुनौती देने उनके विधानसभा क्षेत्र वरली पहुंचे। वहां उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के एक शाखा कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाविकास आघाड़ी सरकार सिर्फ वसूली के काम कर रही थी। उस सरकार ने सिर्फ राज्य के लोगों को भरमाने का काम किया।

मुंबई में तेजस्वी सूर्या का हुआ स्वागत

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुंबई पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। माना जा रहा है कि आदित्य ठाकरे के चुनाव क्षेत्र वरली में भाजपा की जड़ें जमाने के लिए ही उनके क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा की शाखा खोलने व उसके उद्घाटन के लिए तेजस्वी सूर्या को बुलाने की योजना बनाई गई थी। भाजयुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी समय के साथ अपने विचार बदलने वाला एक परिवारवादी दल है। जबकि हम सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं को आगे लाने का काम कर रहे हैं। भविष्य में चाहे मुंबई महानगरपालिका के चुनाव हों, चाहें लोकसभा के, भाजपा के युवा कार्यकर्ता इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता पर किसी एक परिवार का अधिकार नहीं हो सकता। सत्ता पैसे से नहीं, बल्कि लोगों के समर्थन से आती है।

यहां से बने सांसद 

31 वर्षीय तेजस्वी सूर्या पिछले लोकसभा चुनाव में दक्षिण बेंगलुरु सीट से चुनाव जीतकर पहली बार भाजपा के सांसद बने हैं। इसी प्रकार शिवसेना उद्धव बाला साहब ठाकरे के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के 32 वर्षीय पुत्र आदित्य ठाकरे 2019 में ही वरली से पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले पहले सदस्य बने हैं।

वरली में आदित्य ठाकरे की जड़ें हिलाने में जुटी है भाजपा

राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद से ही भाजपा वरली में आदित्य ठाकरे की जड़ें हिलाने में जुट गई है। इस कड़ी में पहला प्रयास इस बार दही हांडी उत्सव के दौरान उस जांबोरी मैदान पर कब्जा करना रहा, जहां शिवसेना की दही हांडी लगा करती थी। भाजपा ने यह मैदान इस बार पहले ही बुक करवा लिया था। दही हांडी वाले दिन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस मैदान में भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित उत्सव में उपस्थित थे। इसी प्रकार शिवाजी पार्क में होने वाली उद्धव ठाकरे की दशहरा रैली के ठीक पहले वरली के दो हजार से ज्यादा शिवसैनिकों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर उनके गुट में प्रवेश की घोषणा कर दी थी।

यह भी पढ़ेंः दुकानों पर मराठी साइनबोर्ड नहीं होने पर बीएमसी की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की रोक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।