Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'पूर्वोत्तर राज्यों के जनादेश की अनदेखी कर कस्बा उपचुनाव को महत्व दे रहे शरद पवार'- एकनाथ शिंदे

CM Eknath Shinde on Sharad Pawar महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार अपनी सहुलियत के हिसाब से पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव परिणामों को नजरअंदाज कर रहे हैं

By AgencyEdited By: Mohd FaisalUpdated: Mon, 06 Mar 2023 10:04 AM (IST)
Hero Image
'पूर्वोत्तर राज्यों के जनादेश की अनदेखी कर कस्बा उपचुनाव को महत्व दे रहे शरद पवार'- एकनाथ शिंदे

मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार अपनी सहुलियत के हिसाब से पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव परिणामों को नजरअंदाज कर रहे हैं और कस्बा पेठ विधानसभा उपचुनाव के परिणाम को बदलाव का संकेत बता रहे हैं।

'पूर्वोत्तर राज्यों में मिली जीत की अनदेखी कर रहे शरद पवार'

दरअसल, शरद पवार ने कहा था कि हाल ही में हुए उपचुनाव में कांग्रेस द्वारा पुणे शहर के कस्बा पेठ विधानसभा में भाजपा की हार ने संकेत दिया है कि देश भर में बदलाव की हवा बह रही है। उनके इसी बयान पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि शरद पवार चुनिंदा चुनाव परिणामों को देख रहे हैं। वह पूर्वोत्तर क्षेत्र से तीन राज्यों के नतीजों की अनदेखी कर रहे हैं। वह केवल कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र के बारे में बात कर रहे हैं। अब कस्बा पेठ परिणाम के बाद ईवीएम पर संदेह नहीं करेंगे।

कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने भाजपा प्रत्याशी को हराया

कस्बा पेठ उपचुनाव में कांग्रेस-एमवीए उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने बीजेपी के हेमंत रासने को 10,800 से ज्यादा वोटों से हराया था। बता दें कि भाजपा ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में त्रिपुरा में बड़ी जीत हासिल की है। इसके अलावा नगालैंड में भाजपा गठबंधन ने फिर से सत्ता में वापसी की। हालांकि, मेघालय में बीजेपी ने सरकार बनाने के लिए कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को समर्थन दिया है।

महाराष्ट्र में भाजपा और शिंदे गुट के बीच है गठबंधन

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट के बीच गठबंधन है। हाल ही में चुनाव आयोग द्वारा एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई है। इससे पहले सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई की छह में से दो लोकसभा सीटों पर रविवार को भाजपा द्वारा आयोजित आशीर्वाद यात्रा में भी हिस्सा लिया था।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें