Move to Jagran APP

कई राज्यों का अध्ययन करके लव-जिहाद कानून बनाएगा महाराष्ट्र, देवेंद्र फडणवीस बोले- मतांतरण के कई मामले आए सामने

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र अन्य राज्यों में बने लव-जिहाद कानून का अध्ययन करके यहां इस संबंध में नया कानून बनाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें लड़कियों से विवाह कर उनका मतांतरण कराया गया। इसे रोकने के लिए कानून बनाने की मांग हर तरफ से उठ रही है।हम विधानसभा में भी यह कानून बनाने की घोषणा कर चुके हैं।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Sat, 05 Aug 2023 09:21 PM (IST)
Hero Image
अन्य राज्यों का अध्ययन करके लव-जिहाद कानून बनाएगा महाराष्ट्रः देवेंद्र फडणवीस।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र अन्य राज्यों में बने लव-जिहाद कानून का अध्ययन करके यहां इस संबंध में नया कानून बनाएगा। वह नासिक की पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में एक समारोह के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

कानूनों का किया जा रहा है अध्ययन

राज्य गृह मंत्रालय के भी प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें लड़कियों से विवाह कर उनका मतांतरण कराया गया। इसे रोकने के लिए कानून बनाने की मांग हर तरफ से उठ रही है। हम विधानसभा में भी यह कानून बनाने की घोषणा कर चुके हैं। इसके अनुसार ही अन्य राज्यों में लव-जिहाद पर बने कानूनों का अध्ययन किया जा रहा है। यह अध्ययन पूरा होने के बाद महाराष्ट्र में भी इस प्रकार का कानून बनाया जाएगा।

SC के फैसले पर क्या बोले फडणवीस?

शुक्रवार को राहुल गांधी पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर फडणवीस ने कहा कि कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके पक्ष में फैसला सुनाने पर उसे अच्छा बताते हैं और विरोध में सुनाने पर बुरा। ऐसे लोग ही संविधान के तहत बनाए गए संस्थानों को नष्ट कर रहे हैं। हाल ही में कुछ बड़े उद्योगों के अन्य राज्यों की ओर रुख करने पर विपक्षी दलों द्वारा शिंदे-फडणवीस सरकार की आलोचना की जा रही थी।

सरकार ने जारी किया श्वेतपत्र

शुक्रवार को समाप्त हुए विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान ही सरकार ने ऐसे उद्योगों पर एक श्वेतपत्र जारी किया है। इस पर शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे ने सरकार को महाराष्ट्रद्वेषी करार दिया है। इस बारे में फडणवीस से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं यह सोचता था कि आदित्य ठाकरे विषय का अध्ययन करने के बाद कुछ बोलेंगे। लेकिन, उन्होंने अपनी आंखें बंद कर रखी हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।