Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे प्रचार अभियान का नेतृत्व, जारी हुई स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट; ये लोग हुए शामिल

महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान का नेतृत्व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल राज्य सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार एवं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के अलावा राज्य के 20 नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। नितिन गडकरी को यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सलाह पर दी गई है।

By Jagran News Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Fri, 06 Sep 2024 09:50 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे प्रचार अभियान का नेतृत्व

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान का नेतृत्व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल, राज्य सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार एवं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के अलावा राज्य के 20 नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।

कुछ ही सप्ताह में महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की घोषणा होनेवाली है। सभी दल इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। हाल के लोकसभा चुनाव में तगड़ा झटका खा चुकी भारतीय जनता पार्टी भी इस बार कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहती। इसलिए उसने अभी से चुनाव प्रचार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए पार्टी ने प्रदेश भाजपा के करीब 25 नेताओं की एक टीम घोषित की है।

क्यों मिली नितिन गडकरी को ये जिम्मेदारी?

इसके प्रमुख संयोजक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल होंगे, तथा विशेष प्रचारक की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को दी गई है। बताया जा रहा है कि नितिन गडकरी को यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सलाह पर दी गई है। संघ का मानना है कि प्रदेश में गडकरी की सक्रियता भाजपा को लाभ पहुंचा सकती है। इसके अलावा प्रदेश भाजपा के तीन और वरिष्ठ नेता उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले एवं राज्य सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार प्रचार अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्वकर्ता की भूमिका में होंगे।

20 और नेता हुए शामिल

भाजपा के प्रचार अभियान की टीम में उक्त वरिष्ठ नेताओं के अलावा 20 और नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें कांग्रेस से आए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे एवं मुरलीधर मोहोल, राज्य सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, राधाकृष्ण विखे पाटिल तथा पंकजा मुंडे, विजया रहाटकर, प्रवीण दरेकर, भाई गिरकर, अशोक नेते, अतुल सावे, संजय कुटे, जयकुमार रावल आदि शामिल हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि शनिवार को शुरू हो गए गणेशोत्सव के दौरान या इसके तुरंत बाद भाजपा अपना चुनाव प्रचार विधिवत शुरू कर देगी। इस अभियान में नितिन गडकरी एक महीने राज्य का दौरा करेंगे।