Move to Jagran APP

Mahavikas Aghadi Seat Sharing: टिकट बंटवारे पर कहां फंस गया पेंच? संजय राउत का टूटा सब्र तो कांग्रेस ने दिया जवाब

Maharashtra Election 2024 महाअघाड़ी दल के सीट बंटावरे को लेकर जब शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत से सवाल पूछा गया कि क्या कांग्रेस की वजह से सीट शेयरिंग में देरी हो रही है तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। आज शाम सारा मुद्दे हल हो जाएंगे। कांग्रेस का आलाकमान दिल्ली में है। दिल्ली में फैसले तय होते हैं।

By Agency Edited By: Piyush Kumar Updated: Mon, 21 Oct 2024 11:34 AM (IST)
Hero Image
महाविकास अघाड़ी दल में सीट बंटवारे को लेकर संजय राउत ने जानकारी दी है।(फोटो सोर्स: जागरण)

एएनआई, मुंबई। Maharashtra Election 2024। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। भाजपा ने रविवार को 99 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। महायुति गठबंधन में सीट शेयरिंग की बात लगभग पूरी हो चुकी है। वहीं, विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी में अभी सीटों का बंटवारा भी पूरा नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक, सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की बात पर एनसीपी (शरद गुट) और शिवसेना (यूबीटी) रजामंदी नहीं जता रहे। दरअसल, राज्य में कांग्रेस सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।

सीट बंटवारे पर क्या बोले संजय राउत? 

सीट बंटावरे को लेकर जब शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत से सवाल पूछा गया कि क्या कांग्रेस की वजह से सीट शेयरिंग में देरी हो रही है तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। आज शाम सारा मुद्दे हल हो जाएंगे। कांग्रेस का आलाकमान दिल्ली में है। दिल्ली में फैसले तय होते हैं।

संजय राउत ने आगे कहा कि भाजपा और शिंदे गुट के लीडर भी दिल्ली में हैं। जिनका हाई कमांड दिल्ली में है। उन्हें बार-बार दिल्ली जाना पड़ता है। हम क्या कर सकते हैं। हालांकि, हम बैठकर सारे मुद्दे सुलझा लेंगे।

'सभी को कुछ त्याग करना पड़ता है'

संजय राउत ने आगे कहा,"हम सालों से राजनीति में हैं, हर पार्टी को लगता है कि उनके कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए, लेकिन ये गठबंधन है। अपनी भूमिका के बारे में बोलने का अधिकार है, लेकिन जब सीट बंटवारे की बात आती है, तो सभी को कुछ त्याग करना पड़ता है और एक कदम पीछे हटना पड़ता है।''

विदर्भ में 6-7 सीटें पर फंसा पेंच 

कांग्रेस नेता और महाराष्ट विधानसभा प्रतिपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा, "कल शाम तक, हम 17 सीटों को अंतिम रूप दे देंगे। वहीं, सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।  पहली लिस्ट आज शाम या देर रात तक आने की संभावना है। विदर्भ में 6-7 सीटों पर बात अटक गई है। उन्हें भी सुलझा लिया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि हम अघाड़ी के रूप में चुनाव लड़ने जा रहे हैं, चूंकि 288 सीटों को 3 पार्टियां साझा कर रही हैं, इसलिए इसमें थोड़ा समय लगा।महाविकास अघाड़ी के लिए सभी 288 सीटों पर अंतिम निर्णय कल शाम तक हो जाएगा।"

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने शिवराज सिंह चौहान को दी खास जिम्मेदारी, कृषि मंत्री की लीडरशिप में बनी टीम क्या करेगी काम?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।