Move to Jagran APP

शिवसेना ने जारी की 20 प्रत्याशियों की दूसरी सूची, आदित्य ठाकरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे मिलिंद देवड़ा

शिवसेना (शिंदे गुट) के राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवड़ा वर्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले मिलिंद ने शिवसेना ज्वाइन की थी। बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया था। शिवसेना ने रविवार को 20 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इससे पहले पार्टी 45 उम्मीदवारों का एलान किया था। पूर्व सांसद संजय निरुपम मुंबई की डिंडोशी सीट से शिवसेना उम्मीदवार होंगे।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 11:33 PM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे। (फाइल फोटो)
आईएएनएस, मुंबई। महाराष्ट्र में सभी दल अपने प्रत्याशियों का एलान करने में जुटे हैं। रविवार को कांग्रेस ने अपने 14 प्रत्याशियों का एलान किया तो वहीं प्रदेश की सत्ता में काबिज शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 20 प्रत्याशियों की एक और सूची जारी की है। शिवसेना की दूसरी सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवड़ा को वर्ली विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। यहां उनका मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे से होगा। पार्टी ने पालघर के मौजूदा विधायक का टिकट काट दिया है।

डिंडोशी से संजय निरुपम मैदान में

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ने वाले पूर्व सांसद संजय निरुपम को डिंडोशी सीट से उतारा गया है। उनके खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) के सुनील प्रभु होंगे। कुडाल सीट विधानसभा सीट पर शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार वैभव नाइक के खिलाफ एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे को उतारा है। नीलेश राणे ने पिछले हफ्ते भाजपा छोड़कर शिवसेना का दामन थामा था।

(संजय निरुपम की फाइल फोटो)

अब तक 65 प्रत्याशियों का एलान

शिवसेना ने पहली सूची में 45 प्रत्याशियों का एलान किया था। पार्टी अब तक कुल 65 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। अंबरनाथ सीट से मौजूदा विधायक बालाजी किणिकर को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है।

पालघर विधायक का कटा टिकट

पार्टी ने शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार रुतुजा लटके के खिलाफ अंधेरी ईस्ट से मुरजी पटेल को टिकट दिया है। पूर्व सांसद राजेंद्र गावित को पालघर से मौजूदा विधायक श्रीनिवास वनगा की जगह मैदान में उतारा गया है। गावित ने कांग्रेस छोड़क भाजपा ज्वाइन की थी। इसके बाद शिवसेना का दामन थाम लिया।

(मिलिंद देवड़ा की फाइल फोटो)

कोल्हापुर से राजेश क्षीरसागर लड़ेंगे चुनाव

परभणी से आनंद भरोसे, बोइसर से विलास तारे, भिवंडी ग्रामीण से शांताराम मोरे, भिवंडी पूर्व से संतोष शेट्टी, कल्याण पश्चिम से विश्वनाथ भोईर, विक्रोली से सुवर्णा करंजे, चेंबूर से तुकाराम काटे, पुरंदर से विजय शिवतारे, कोल्हापुर उत्तर से राजेश क्षीरसागर, अक्कलकुआ से अम्श्या पडवी, बालपुर से बलिराम शिरास्कर, हदगांव से संभाराव कोहालिकर और नांदेड़ दक्षिण से आनंद तिडके पाटिल को प्रत्याशी बनाया गया है।

शिवसेना महायुति गठबंधन का हिस्सा

शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है। पार्टी भाजपा और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव में उतरी है। 20 नवंबर को राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में मतदान है। 23 नवंबर को महाराष्ट्र की सत्ता पर कौन काबिज होगा... इसका एलान हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों का किया एलान, सचिन की जगह अशोक जाधव को टिकट

यह भी पढ़ें: I.N.D.I.A में दरार! अखिलेश हुए नाराज, महाराष्ट्र चुनाव में MVA को ही देंगे टक्कर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।