Move to Jagran APP

'महाराष्ट्र में भी हरियाणा जैसा होना चाहिए, 'फाइट और फ्लाइट' दोनों के लिए हैं तैयार,' CM शिंदे ने क्यों कहा ऐसा?

हरियाणा विधानसभा चुनावों में सहयोगी भाजपा की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अब महाराष्ट्र में हरियाणा जैसा ही होना चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन नई मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना के विमान की लैंडिंग देखने के बाद कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति आगामी विधानसभा चुनाव में फाइट और फ्लाइट(यानी लड़ाई और उड़ान) दोनों के लिए तैयार है।

By Jagran News Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Fri, 11 Oct 2024 11:03 PM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र में भी हरियाणा जैसा होना चाहिए, CM शिंदे ने दिया बयान (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो,मुंबई: हरियाणा विधानसभा चुनावों में सहयोगी भाजपा की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अब महाराष्ट्र में हरियाणा जैसा ही होना चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन नई मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना के विमान की लैंडिंग देखने के बाद कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन 'महायुति' आगामी विधानसभा चुनाव में 'फाइट और फ्लाइट'(यानी लड़ाई और उड़ान) दोनों के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रायगढ़ जिले में बनने वाले नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना के विमान की ट्रायल लैंडिंग देखने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार 31 मार्च, 2025 की निर्धारित समय सीमा से पहले इस हवाई अड्डे से वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने के प्रयास कर रही है।

वायुसेना के सी 295 विमान ने नवी मुंबई पर सफल लैंडिंग

उन्होंने राज्य विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि आज भारतीय वायुसेना के सी 295 विमान ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर सफल परीक्षण लैंडिंग की। हम भी 'उड़ान और लड़ाई' दोनों के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को वायुसेना के परिवहन विमान सी295 के दोपहर 12.14 बजे दक्षिणी रनवे पर उतरने पर विमान को वाटर कैनन की सलामी दी गई।

अदाणी समूह द्वारा विकसित किए जा रहे इस हवाई अड्डे से अगले साल की शुरुआत में वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीनफील्ड नवी मुंबई हवाई अड्डा अधिक क्षमता वाला एवं देश की बड़ी विमानन सुविधाओं में से एक होगा।

'प्रधानमंत्री मोदी के मुक्के से विपक्ष स्तब्ध'

इस सुविधा को लोगों के लिए एक बड़ा उपहार बताते हुए शिंदे ने कहा कि एक बार यह सुविधा चालू हो जाए तो व्यस्त मुंबई हवाई अड्डे पर भीड़भाड़ काफी हद तक कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 21.8 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले समुद्री पुल अटल सेतु के निर्माण के कारण यह हवाई अड्डा मुंबई और नवी मुंबई दोनों के करीब हो गया है। शिंदे ने इसी अवसर पर हरियाणा में भाजपा की शानदार जीत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक ऐसा मुक्का मारा कि विपक्ष स्तब्ध रह गया। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही किया जाना चाहिए। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव की घोषणा अगले सप्ताह होने की संभावना है।

शिंदे ने कहा कि महायुति लोगों से पिछले दो वर्षों में उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की तुलना महाविकास अघाड़ी की उपलब्धियों से करने का आग्रह करके वोट मांगेगी, जब वह ढाई साल तक सत्ता में थी। उन्होंने कहा कि लोगों को पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार के प्रदर्शन का भी आकलन करना चाहिए।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें