Move to Jagran APP

Video: भीड़ ने युवक की पीट-पीटकर ले ली जान, बचाने के लिए ऊपर लेट गई मां; हाथ जोड़ते रह गए पिता

मुंबई के गोरेगांव इलाके में गाड़ी को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद भीड़ ने युवक की बेरहमी से पिटाई की जिसमें उसकी मौत हो गई। युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच के बाद 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Updated: Mon, 14 Oct 2024 07:38 PM (IST)
Hero Image
मुंबई के गोरेगांव में ओवरटेकिंग को लेकर हुआ झगड़ा। (Photo From Video)

एएनआई, मुंबई। मुंबई के गोरेगांव इलाके में ओवरटेकिंग को लेकर हुई झड़प के बाद आकाश माइन नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मुंबई की डिंडोशी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां कोर्ट ने सभी को 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

मामूली विवाद में हुई मौत

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पीड़ित महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का सदस्य था। मलाड ईस्ट में ऑटोरिक्शा चालकों के साथ उस व्यक्ति का झगड़ा हुआ। इसके बाद भीड़ ने युवक पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

पत्नी और पिता को भी लगी चोट

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 12-15 दोस्तों के ग्रुप ने आकाश को पीट-पीटकर मार डाला। जब आकाश की पत्नी उसे बचाने गई तो युवकों ने उसे भी पीटा, जिसमें उसका गर्भपात हो गया। घटना के दौरान आकाश के पिता भी वहीं मौजूद थे। आकाश को बचाते समय उनकी आंख पर गहरी चोट लगी है।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घटना मलाड ईस्ट (मुंबई) की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि उस व्यक्ति को उसके परिवार के सामने बेरहमी से पीटा गया। वीडियो में एक महिला भी दिखाई दे रही है, जो उसे भीड़ से बचाने के लिए उसके शरीर पर लेटी हुई है। वहीं मौजूद एक बुजुर्ग लोगों से माफी मांग रहा है।

पुलिस ने की घटना की पुष्टि

  • पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 अक्टूबर की है। यह झगड़ा बाइक सवार और ऑटो-रिक्शा चालक के बीच ओवरटेकिंग को शुरू हुआ।
  • पहले लोगों ने दोनों को काफी समझाया, लेकिन कुछ ही समय में विवाद काफी बढ़ गया और अन्य ऑटोरिक्शा चालक भी लड़ाई में शामिल हो गए।
  • विवाद इतना बढ़ गया कि युवक को बेरहमी से पीटा गया। युवक को घायल अवस्था में छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। 

पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया की इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में घायल हुए बुजुर्ग और महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। आरोपियों को 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

यहां देखें वायरल वीडियो

यह भी पढ़ें: तो क्या बहराइच के शूटरों ने की थी बाबा सिद्दीकी की हत्या? काम की तलाश में गए थे मुंबई- बन गए बदमाश

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें