Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Mumbai Rains: मुंबई में आंधी-तूफान के साथ बारिश बनी आफत, होर्डिंग गिरने से 8 लोगों की मौत, 59 अन्य घायल; उड़ान सेवा भी प्रभावित

आईएमडी ने कहा अगले 3-4 घंटों में मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मेट्रो रेल के प्रवक्ता ने कहा कि तेज हवाओं के कारण बिजली के तार पर एक बैनर गिरने के बाद आरे और अंधेरी ईस्ट मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Mon, 13 May 2024 09:42 PM (IST)
Hero Image
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली है।

पीटीआई, मुंबई।  मुंबई में सोमवार को भारी बारिश के दौरान एक विशाल बिलबोर्ड गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, 61 घायल हो गए और 30 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी ने बताया कि हमें घाटकोपर में गिरे उस होर्डिंग के नीचे 20-30 और लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना में कुल आठ लोगों की मौत हो गई। बचाव जारी है।

मुंबई और पड़ोसी महानगरीय इलाकों के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश और तेज हवाएं चलीं, जिससे मेट्रो और लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) मुंबई ने ठाणे, पालघर और मुंबई के लिए बिजली गिरने और मध्यम से तीव्र बारिश के साथ तूफान की भविष्यवाणी करते हुए "नाउकास्ट चेतावनी" जारी की है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "अगले 3-4 घंटों में मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।" मेट्रो रेल के एक प्रवक्ता ने कहा कि तेज हवाओं के कारण बिजली के तार पर एक बैनर गिरने के बाद आरे और अंधेरी ईस्ट मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

एक अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण ठाणे और मुलुंड स्टेशनों के बीच एक ओवरहेड उपकरण का खंभा झुक जाने से मध्य रेलवे पर उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता ने कहा, "मेन लाइन पर उपनगरीय सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। जहां बेमौसम बारिश से चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं ठाणे जिले के कलवा और कुछ अन्य इलाकों में बिजली गुल होने की सूचना मिली है।"

वहीं, मुंबई में आंधी के साथ बेमौसम बारिश के चलते हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन एक घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया। लोकल ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। घाटकोपर इलाके में छेड़ा नगर जंक्शन स्थित एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा होर्डिंग गिरने से 35 लोग घायल हो गए और कई लोग इसके भीतर फंस गए।

मुंबई हवाई अड्डा संचालक ने कहा कि कम से कम 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। रनवे पर परिचालन शाम 5.03 बजे फिर से शुरू हो गया। एक बयान में कहा गया, ‘‘शहर में खराब मौसम और आंधी के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर कम दृश्यता और तेज हवाओं के कारण करीब 66 मिनट के लिए उड़ान परिचालन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया।’’

पेड़ गिरने से ऑटो चालक घायल

मुंबई के जोगेश्वरी मेघवाड़ी नाका इलाके में तेज हवा के कारण एक पेड़ उखड़ गया। जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि ऑटोरिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। दादर, कुर्ला, माहिम, घाटकोपर, मुलुंड और विक्रोली के उपनगरों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखी गई, जबकि दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। ठाणे, अंबरनाथ, बदलापुर, कल्याण और उल्हासनगर जैसे उपग्रह शहरों में भी तेज़ हवाओं के साथ मध्यम बारिश हुई।

घाटकोपर में 100 अन्य के दबे होने की आशंका

मुंबई के घाटकोपर इलाके में सोमवार को तेज बारिश और आंधी के दौरान एक होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गई, जिससे 35 लोग घायल हो गए, जबकि 100 अन्य के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा अपराह्न चार बजकर करीब 30 मिनट पर छेदानगर जिमखाना के नजदीक हुआ।

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया, ‘‘हादसे में कम से कम 35 लोग घायल हुए हैं, जबकि 100 अन्य लोगों के होर्डिंग के नीचे दबे होने की आशंका है।’’ उन्होंने बताया कि मौके पर एंबुलेंस भी भेजे गए हैं।

बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी मौके पर बचाव कार्य के लिए पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि क्रेन और गैस कटर को भी बचाव अभियान के लिए मौके पहुंचाया गया है। अधिकारी ने बताया, ‘‘घायलों को नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया है।’’