Move to Jagran APP

शिवसेना ने जारी की 15 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, भाजपा नेता शाइना एनसी को मुंबादेवी से टिकट

Maharashtra Elections 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 15 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसके बाद कांग्रेस ने चार विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को एलान किया। देर रात एनसीपी (शरद पवार) ने भी सात प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक की। शिवसेना शिंदे अब तक कुल अपने 80 प्रत्याशियों का एलान कर चुकी है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 29 Oct 2024 12:24 AM (IST)
Hero Image
शिवसेना ने जारी की तीसरी लिस्ट। (फाइल फोटो)
एजेंसी, मुंबई। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने सोमवार की रात 15 और प्रत्याशियों की सूची जारी की है। भाजपा नेता शाइना एनसी शिवसेना की टिकट पर मुंबादेवी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। रविवार की रात भी शिवसेना ने 20 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी।

शिवसेना ने अपनी पहली सूची में 45 प्रत्याशियों का एलान किया था। अब तक पार्टी कुल 80 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। 20 नवंबर को एक चरण में ही महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर मतदान है। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 23 नवंबर को झारखंड के साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणामों का एलान होगा। 

शरद पवार की राकांपा ने की सात और उम्मीदवारों की घोषणा

राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सात और उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के स्थान पर उनके बेटे सलिल देशमुख को उम्मीदवार बनाया गया है। इस चौथी सूची के साथ शरद पवार की पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की संख्या 83 हो गई है।

सात नए नामों की घोषणा नामांकन दाखिल करने की समय सीमा समाप्त होने से एक दिन पहले की गई। सलिल देशमुख का मुकाबला भाजपा के चरण सिंह ठाकुर से होगा। अन्य प्रत्याशियों में पूर्व विधान पार्षद प्रभाकर घरगे, अरुणादेवी पिसल, वैभव पाटिल, शरद मैंद, संदीप बेडसे और रमेश थोराट शामिल हैं।

कांग्रेस ने चार प्रत्याशी किए घोषित

सोमवार को कांग्रेस ने झारंखड की दो विधानसभा और महाराराष्ट्र की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया है। महाराष्ट्र की अकोला पश्चिम से साजिद खान मन्नान खान को प्रत्याशी बनाया गया है। कोलाबा से दीरा देवासी चुनाव लड़ेंगे। सोलापुर सिटी सेंट्रल विधानसभा सीट से चेतन नरोटे मैदान में होंगे। कोल्हापुर उत्तर सीट पर राजेश भारत लटकर के स्थान पर मधुरिमाराजे मालोजीराजे छत्रपति को उतारा गया है। रविवार को कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों का एलान किया था। झारखंड के बोकारो से श्वेता सिंह और धनबाद से अजय दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है।

(कांग्रेस ने जारी की सूची)

खबर अपडेट की जा रही है...

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।