Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Mahjarashtra: ठाणे में भीषण विस्फोट में शख्स ने गंवाए दोनों पैर, ब्लास्ट के बाद घर पर गिरा धातु का टुकड़ा

महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार तड़के कंपनी के रिएक्टर में भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि रिएक्टर से धातु का टुकड़ा निकलकर एक घर पर गिर गया जिसमें एक शख्स के दोनों पैर कट गए इसकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

By Jagran News Edited By: Abhinav Atrey Updated: Mon, 05 Aug 2024 11:10 AM (IST)
Hero Image
धातु का टुकड़ा 300-400 मीटर दूर उड़कर घर के ऊपर गिरा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पीटीआई, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट हो गया। यह विस्फोट इतना जोरदार था कि रिएक्टर से धातु (Metal) का टुकड़ा निकलकर एक घर पर गिर गया, जिसमें एक शख्स के दोनों पैर कट गए, पत्नी और बेटी घायल हो गईं।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई। फायर सर्विस के अधिकारी भागवत सोनावणे ने घटना के बारे में बताया कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम के खरवई गांव में स्थित दवा कंपनी के रिएक्टर के रिसीवर टैंक में विस्फोट हो गया।

रिएक्टर यूनिट में आग लगी

उन्होंने बताया कि इसके बाद रिएक्टर यूनिट में आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

धातु का टुकड़ा 300-400 मीटर दूर उड़कर गांव पहुंचा

अधिकारी भागवत सोनावणे ने बताया कि विस्फोट स्थल से एक धातु का टुकड़ा 300-400 मीटर दूर उड़कर गांव में एक मकान के ऊपर गिरा, जिससे वहां रहने वाले लोग घायल हो गए। जब यह घटना हुई उस समय पीड़ित सो रहे थे। धातु का टुकड़ा घर की छत को छेदता हुआ उनके ऊपर गिर गया।

डॉक्टरों ने शख्स के दोनों पैर काटे

ठाणे पुलिस ने बताया कि घर में रहने वाले एक शख्स के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें जल्द ही पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के बाद उनके दोनों पैर काटने पड़े। साथ ही शख्स की बेटी के पैर में भी चोटें आईं हैं और उनकी पत्नी भी घायल हो गई हैं। दोनों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। घायल शख्स को आगे के इलाज के लिए मुंबई के सरकारी जेजे अस्पताल में रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें: पुणे के बाढ़ प्रभावित इलाकों का CM शिंदे आज करेंगे दौरा, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट