Move to Jagran APP

Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट, टाटा मोटर्स और टाटा स्टील में दिख रही तेजी

विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में बिकवाली का सिलसिला जारी है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुले। हालांकि एशिया के अधिकतर बाजारों में तेजी है। लेकिन भारत में तिमाही नतीजों के दौरान निवेशक अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। भारतीय बाजार का मूल्यांकन भी अधिक है। यह भी निवेशकों के लिए चिंता की बात है।

By Jagran News Edited By: Suneel Kumar Updated: Fri, 11 Oct 2024 11:04 AM (IST)
Hero Image
एशियाई बाजारों में, टोक्यो, हांगकांग और सियोल में तेजी रही, जबकि शंघाई में गिरावट दर्ज की गई।

पीटीआई, मुंबई। ग्लोबल मार्केट में उतार-चढ़ाव और मिले-जुले रुख का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट के साथ खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 62.90 अंक यानी 0.08 प्रतिशत गिरकर 81,548.51 पर आ गया। वहीं, निफ्टी 64.1 अंक फिसलकर 24,934.35 पर आ गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक में लाल निशान में दिखे। टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, सन फार्मास्युटिकल्स, टाटा मोटर्स, टाइटन, टेक महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में तेजी रही।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, "फिलहाल, कुछ समय तक बाजार में अस्थिरता बनी रहने की आशंका है। इसकी वजह एफआईआई की बिकवाली और डीआईआई की खरीद का चक्र रहेगा। अन्य बाजारों, खासकर चीनी शेयरों में आकर्षक मूल्यांकन, भारत में एफआईआई द्वारा और अधिक बिकवाली को बढ़ावा देगा, क्योंकि भारतीय मूल्यांकन ऊंचे स्तर पर हैं।"

वित्त वर्ष 2025 की दूसरी छमाही में आय में गिरावट की चिंताओं के कारण भारतीय मूल्यांकन को बनाए रखना मुश्किल हो गया है। एशियाई बाजारों में, टोक्यो, हांगकांग और सियोल में तेजी रही, जबकि शंघाई में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को रात भर के सौदों में अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत घटकर 79.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 4,926.61 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,878.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। विजयकुमार ने कहा, "दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद आने वाले दिनों में शेयरों से जुड़ी कई गतिविधियों की उम्मीद की जा सकती है। बैंकिंग और आईटी के नतीजे काफी अच्छे रहने की संभावना है।"

गुरुवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 144.31 अंक बढ़कर 81,611.41 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी 16.50 अंक चढ़कर 24,998.45 पर बंद हुआ था। दरअसल, दूसरी तिमाही के नतीजों के दौरान बाजार नकारात्मक माहौल के साथ सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। ग्लोबल और रूरल डिमांड सुस्त रहने की वजह से कंपनियों की ग्रोथ ज्यादातर शानदार रहने की उम्मीद नहीं है। इससे निवेशक अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Bank holiday today: क्या दशहरा और दुर्गा पूजा पर बंद रहेंगे बैंक, देखिए अक्टूबर में छुट्टियों की पूरी लिस्ट