Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

26 January 2024: गणतंत्र दिवस परेड में आधी आबादी की पूरी भागीदारी का दिखेगा रंग, रश्मि ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Republic Day Parade कर्तव्य पथ पर देश के 75वें गणतंत्र दिवस परेड में आधी आबादी की पूरी भागीदारी का संदेश देते हुए इस बार समारोह के तेवर और कलेवर में बड़े बदलाव नजर आएंगे। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद पहली बार मिलिट्री बैंड की जगह परेड की शुरूआत 100 महिला कलाकार शंख नादस्वरम नगाड़ा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाते हुए करेंगी।

By Jagran News Edited By: Abhinav AtreyUpdated: Fri, 19 Jan 2024 09:54 PM (IST)
Hero Image
गणतंत्र दिवस परेड में आधी आबादी की पूरी भागीदारी का दिखेगा रंग (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कर्तव्य पथ पर देश के 75वें गणतंत्र दिवस परेड में आधी आबादी की पूरी भागीदारी का संदेश देते हुए इस बार समारोह के तेवर और कलेवर में बड़े बदलाव नजर आएंगे। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद पहली बार मिलिट्री बैंड की जगह परेड की शुरूआत 100 महिला कलाकार शंख, नादस्वरम, नगाड़ा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाते हुए करेंगी।

तीनों सेनाओं की महिला सैनिकों की एक संयुक्त टुकड़ी और केंद्रीय अ‌र्द्धसैनिक बलों की संयुक्त महिला टुकड़ी भी मार्च करते हुए सलामी मार्च पास्ट की शुरूआत करेंगी। गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां की मौजूदगी में फ्रांस एयरफोर्स के दो राफेल समेत तीन विमान और फ्रांसीसी सेना का एक दस्ता परेड का हिस्सा बनेगा।

विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका थीम

विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका (जननी) थीम पर आधारित 75वीं गणतंत्र दिवस परेड महिला केंद्रित होने के साथ ही इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रित 13000 विशेष मेहमानों के लिहाज से खास होगी। पेंटेट हासिल करने वालों से लेकर केंद्र की फ्लैगशिप योजनाओं में नजीर बनने वाले इन मेहमानों को विशिष्ट दर्शक दीर्घा में बिठाकर परेड का गवाह बनाया जाएगा।

झांकिया एकता और प्रगति की झलक बिखरेंगी

वहीं, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ केंद्र सरकार के मंत्रालयों की रंग-बिरंगी झांकिया देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, एकता और प्रगति की झलक बिखरेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह में आने-जाने के लिए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं परेड के दौरान मुफ्त रहेंगी। वंदे भारतम के तीसरे संस्करण के तहत करीब 200 देश भर से चुनी गई महिला कलाकार सलामी मंच के सामने अपने गीत-संगीत के धुन से राष्ट्रभक्ति का जोश भरेंगी।

महिलाओं का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा

गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों पर रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि इस साल परेड में महिलाओं का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। सुबह साढे दस बजे शुरूआत होगी और 90 मिनट के इस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर करीब 77,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है जिसमें से 42,000 सीटें आम जनता के लिए आरक्षित हैं। इनमें से अधिकांश टिकटें बिक गई हैं।

13,000 विशेष अतिथि आमंत्रित

13,000 विशेष अतिथियों के आमंत्रण के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सरकार के जन भागीदारी के दृष्टिकोण के अनुरूप, जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रीय उत्सव में भाग लेने का अवसर प्रदान करना है। प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में मुकाम बनाने वाले इन मेहमानों को देश का गौरव मानते हैं।

प्रधानमंत्री के ठीक सामने वाले बॉक्स में बैठेंगे खास मेहमान

विशेष मेहमानों की इस सूची में केंद्र सरकार की करीब 30 योजनाओं जैसे पीएम आवास , उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम कृषि, स्टैंड- अप इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, महिला अंतरिक्ष वैज्ञानिक, योग शिक्षक, पैरालंपिक पदक विजेता आदि शामिल हैं। इन खास मेहमानों को कर्तव्यपथ पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के ठीक सामने वाले बॉक्स में प्रमुखता से बैठाया जाएगा।

वाइब्रेंट विलेजे के जनप्रतिनिधियों को अतिथियों पर विशेष जोर

वाइब्रेंट विलेजे के जनप्रतिनिधियों को विशेष अतिथियों की सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया है। रक्षा सचिव ने कहा कि 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर एक विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया जाएगा। वहीं संस्कृति मंत्रालय देश भर के अलग-अलग राज्यों की साड़ियों की विशेष झलक प्रदर्शनी अनंत सूत्र का आयोजन भी राजपथ पर करेगा। परेड के दौरान कुल 25 झांकियों में 16 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की तो बाकी नौ केंद्रीय मंत्रालयों की है।

चुनाव आयोग की झांकी भी शामिल

इसमें चुनाव आयोग की झांकी भी शामिल है। राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, गुजरात, मेघालय, झारखंड, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना की झांकी है।

मेट्रो की सेवाएं सुबह साढे चार बजे से शुरू होंगी

गणतंत्र दिवस से पूर्व 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनको स्मरण करने के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे तो लालकिले पर 31 जनवरी तक भारत पर्व के आयोजन में देश की संस्कृति के अलग-अलग रंग नजर आएंगे। अरमाने ने कहा कि दिल्ली मेट्रो की सेवाएं परेड के मद्देनजर सुबह साढे चार बजे से शुरू होंगी और दर्शकों की वापसी तक इसमें सफर मुफ्त होगा।

रश्मि ठाकुर गणतंत्र दिवस परेड में वायुसेना की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी

स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर भारतीय वायु सेना की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। स्क्वाड्रन लीडर ठाकुर फाइटर कंट्रोलर हैं। अधिकारियों ने कहा कि वायुसेना की पंद्रह महिला पायलट भी हवाई फ्लाई पास्ट के दौरान विभिन्न प्लेटफार्मों का संचालन करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना के मार्चिंग दल का नेतृत्व रश्मि ठाकुर करेंगी, जिसमें स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव, स्क्वाड्रन लीडर प्रतीति और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल मौजूद रहेंगी।

भारतीय वायुसेना के मार्चिंग दल के अलावा महिला अग्निवीर की त्रि-सेवा टुकड़ी परेड में भाग लेगी। अधिकारियों ने बताया कि कुल 48 महिला अग्निवीर इस दल का हिस्सा होंगी। फ्लाइट लेफ्टिनेंट सृष्टि वर्मा त्रि-सेवा दल के सुपरन्यूमेरी अधिकारी के रूप में मार्च करेंगी। भारतीय वायुसेना की गणतंत्र दिवस की झांकी का विषय भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर होगा। फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनन्या शर्मा और फ्लाइंग आफिसर अस्मा शेख, झांकी में मौजूद रहेंगी।

ये भी पढ़ें: 26 January 2024: गणतंत्र दिवस समारोह के विशिष्ट अतिथि बनेंगे देशभर के पंचायत प्रतिनिधि, राष्ट्र गौरव से जोड़ने का उद्देश्य