Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

इस साल देशभर में जब्त किया गया 3, 083 किलोग्राम सोना, केरल में हुई सबसे ज्यादा Gold Smuggling

इस साल नवंबर महीने तक 3083 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। सोना तस्करी के सबसे ज्यादा मामले केरल से आए। साल 2021 कैलेंडर वर्ष में 2383 किलोग्राम और 2020 में 2154 किलोग्राम सोना देशभर में जब्त किया गया।

By Jagran NewsEdited By: Piyush KumarUpdated: Mon, 12 Dec 2022 06:15 PM (IST)
Hero Image
पिछले तीन साल के मुकाबले इस साल (नवंबर महीने तक) सबसे ज्यादा सोना बरामदगी हुई।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। पिछले तीन साल के मुकाबले इस साल (नवंबर महीने तक) सबसे ज्यादा सोना बरामदगी हुई। सोमवार को संसद मे यह जानकारी दी गई कि इस साल नवंबर महीने तक 3,083 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। सोना तस्करी के सबसे ज्यादा मामले केरल से आए। साल 2021 कैलेंडर वर्ष में 2,383 किलोग्राम और 2020 में 2,154 किलोग्राम सोना देशभर में जब्त किया गया। वहीं, साल 2019 में 3,673 किलोग्राम सोना जब्त किया गया था। 2022 में (नवंबर तक) 3,588 मामलों में 3,083.61 किलोग्राम सोना जब्त किया गया।

जानें किस राज्यों से हुई सोना कि कितनी बरामदगी

केरल की बात करें तो इस राज्य में साल 2022 में 948 मामलों में 690 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। साल 2021 में 587 किलोग्राम और 2020 में 406 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। वहीं, साल 2019 में 725 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। केरल के अलावा, इस साल नवंबर 2022 तक महाराष्ट्र में सोना तस्करी के 484 मामले सामने आए, जिसमें 474 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। तमिलनाडु में 809 मामले सामने आए और 440 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। पश्चिम बंगाल में 214 मामले सामने आए और 369 किलोग्राम सोना जब्त किया गया।

सोना तस्करी मामले पर वित्त मंत्री भी जता चुकी हैं चिंता

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सीमा शुल्क क्षेत्र के अधिकारी और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) निरंतर निगरानी रखते हैं। पिछले हफ्ते, राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों को संबोधित करते हुए, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सीमा शुल्क के बावजूद सोने की तस्करी हो रही है। उन्होंने खुफिया अधिकारियों से यह भी पूछा था कि क्या आयात और तस्करी के बीच कोई पैटर्न और संबंध है।

घरेलू मुद्रा पर दबाव कम करने और आयात को कम करने के लिए जुलाई में सोने पर आयात शुल्क 7.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया गया था। 2021-22 में सोने का आयात 33 प्रतिशत बढ़कर 46.14 अरब डॉलर हो गया। बता दें कि चीन के बाद भारत सोने का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। वित्त राज्य मंत्री, चौधरी ने आगे कहा कि पिछले तीन साल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोने की तस्करी के तीन मामलों में जांच की और चार्जशीट दाखिल की।

यह भी पढे़ं: Gold Price Today: 9 महीने के उच्चतम स्तर को छूने के बाद लुढ़का सोना, यहां मिल रहा है सबसे सस्ता रेट