Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हाथ में हथकड़ी फिर पानी में कैसे कूदा दुष्कर्म का आरोपी? पुलिस हिरासत में मौत के बाद कांग्रेस ने उठाए सवाल

असम में नाबालिग से दुष्कर्म का मुख्य आरोपित पुलिस हिरासत से भागने के बाद तालाब में छलांग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस हिरासत में आरोपी की मौत पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। कांग्रेस विधायक अब्दुर रशीद मंडल ने कहा कि आरोपित से कोई सहानुभूति नहीं है लेकिन सवाल उठता है कि पुलिस हिरासत में मौत कैसे हो जाती है।

By Agency Edited By: Sonu Gupta Updated: Sat, 24 Aug 2024 09:47 PM (IST)
Hero Image
Tafazul Islam के मृत शरीर को दो गज जमीन देने से गांववालों ने इनकार किया।

पीटीआई, गुवाहाटी। Assam Gang Rape Case: असम के नागांव जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मुख्य आरोपित तफिकुल उर्फ तफज्जुल इस्लाम ने शनिवार सुबह पुलिस हिरासत से भागने के बाद तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन डूबने से उसकी मौत हो गई। अन्य दो आरोपित अभी भी फरार हैं।

शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने की अनुमति नहीं

इस बीच, आरोपित तफिकुल के गांव बोरभेटी के ग्रामीणों ने शनिवार सुबह बैठक कर फैसला किया है कि तफिकुल के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गांव का कोई व्यक्ति उसके जनाजे में शामिल नहीं होगा। तफिकुल के परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का भी निर्णय लिया गया है। घटना के विरोध में गांव की मस्जिद से मार्च भी निकाला गया।

पुलिस हिरासत से भागकर तालाब में कूदा आरोपी

नागांव के पुलिस अधीक्षक स्वप्नील डेका ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपित तफिकुल को शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे हथकड़ी लगाकर उस स्थान पर ले जाया गया जहां कथित तौर पर अपराध किया गया था ताकि क्राइम सीन रीक्रियेट किया जा सके। इसी दौरान तफिकुल ने एक पुलिसकर्मी पर हमला किया और पुलिस हिरासत से भागकर तालाब में कूद गया। तलाशी अभियान शुरू किया गया और करीब दो घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया। पुलिसकर्मी घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नाबालिग से तीन लोगों ने किया था सामूहिक दुष्कर्म

धींग इलाके में गुरुवार शाम ट्यूशन से घर लौट रही नाबालिग को बीच रास्ते में घेर कर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। बाद में उसे राहगीरों ने सड़क किनारे एक तालाब के पास अचेतावस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। नाबालिग को धींग स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर उसे नागांव स्थित अस्पताल में शिफ्ट किया गया। लड़की की हालत स्थिर है।

कांग्रेस विधायक ने आरोपित की मौत पर उठाए सवाल

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कांग्रेस विधायक ने आरोपित की मौत पर उठाए सवाल उठाए हैं। तफिकुल का शव बरामद किए जाने के बाद कांग्रेस विधायक अब्दुर रशीद मंडल ने शनिवार को कहा, आरोपित से कोई सहानुभूति नहीं है, लेकिन सवाल उठता है कि पुलिस हिरासत में मौत कैसे हो जाती है।

भाजपा ने कांग्रेस पर कसा तंज

उन्होंने कहा कि कानूनी तौर पर उसे सजा मिलनी चाहिए थी। मैं उसका समर्थन नहीं कर रहा, लेकिन इससे पुलिस के कामकाज पर सवाल उठता है। इस बीच, भाजपा नेता मानब डेका ने कहा, समस्या यह है कि कांग्रेस के नेता ऐसे लोगों के पक्ष में बोलते हैं। कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

यह भी पढ़ेंः

'जनाजे में न जाएंगे, कब्रिस्तान में ना दो गज जमीन देंगे', नाबालिग से दुष्कर्म आरोपी के गांववालों ने क्या कहा?