Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले मल्लिकार्जुन खरगे, भाजपा के विरुद्ध विभिन्न दलों को एकजुट कर रही पार्टी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कोराटागेरे में तुमकुरु जिला स्तरीय पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के विरुद्ध देश के विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट करने का पूरा प्रयास कर रही है।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Mon, 06 Mar 2023 05:10 AM (IST)
Hero Image
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले मल्लिकार्जुन खरगे, भाजपा के विरुद्ध विभिन्न दलों को एकजुट कर रही पार्टी

बेंगलुरु, पीटीआई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के विरुद्ध एकजुट लड़ाई लड़ने के लिए देश के विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट करने का पूरा प्रयास कर रही है।

कोराटागेरे में तुमकुरु जिला स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने लोगों से मई तक संभावित विधानसभा चुनावों के दौरान कर्नाटक से भाजपा को उखाड़ फेंकने और कांग्रेस की सरकार बनाने का आग्रह किया, जो सभी वर्गों के लिए और राज्य के विकास के लिए काम करेगी।

खरगे ने कहा कि मोदी प्रधानमंत्री के रूप में आराम से बैठे हैं। उन्हें कुछ और दिन वहां बैठने दें। देखते हैं कि आने वाले दिनों में क्या होता है। हम भाजपा के विरुद्ध एकजुट लड़ाई के लिए विभिन्न दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा को लोकसभा चुनाव में मिले थे 37 फीसदी वोट

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी 51 प्रतिशत वोट के साथ प्रधानमंत्री नहीं बने, क्योंकि भाजपा को 2019 के लोकसभा चुनावों में सिर्फ 37 प्रतिशत वोट मिले थे। अन्य मुद्दों के अलावा बेरोजगारी और मूल्य वृद्धि को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मोदी बताएं कि उन्होंने हमारे राज्य के लिए क्या किया है?

खरगे ने भाजपा पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी हिंदुओं व मुसलमानों के बीच और विभिन्न जातियों के बीच संघर्ष भड़का रही है।