Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bengaluru: सहेली के साथ सोई महिला, सुबह बिस्तर में पड़ी मिली लाश, बेंगलुरू में सनसनीखेज वारदात; जानिए पूरा मामला

Bengaluru Crime News कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां सहेली के साथ सोई एक महिला को सुबह बिस्तर पर उसकी लाश पड़ी मिली। उसने देखा कि सहेली की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक शख्स को हिरासत में भी ले लिया है।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Fri, 30 Aug 2024 04:50 PM (IST)
Hero Image
पुलिस ने हत्या का शक महिला के पति पर जताया है। (File Image)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऐश्वर्या अपनी दोस्त नव्याश्री के बुलाने पर उसके घर जाती है। दोनों रात में एक ही कमरे में सोते हैं। सुबह जब ऐश्वर्या की आंख खुलती है तो उसके पैरों तले जमीन खिसक जाती है, क्योंकि वह पाती है कि ऐश्वर्या की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है और उसकी लाश बिस्तर पर पड़ी है।

सुनने में फिल्मी लगने वाली यह कहानी असल में घटित हुई है और यह सनसनीखेज वारदात कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में हुई है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार ऐश्वर्या ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि 27 अगस्त की सुबह उसे नव्याश्री ने घर पर बुलाया।

बताई निजी जीवन की परेशानी

ऐश्वर्या शाम करीब साढ़े चार बजे नव्याश्री के घर पहुंचीं तो उसने बताया कि वह अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में बेहद परेशानी का सामना कर रही है। नव्याश्री ने अपने एक अन्य दोस्त अनिल को भी फोन किया और संदेह जताया कि उसे उसके पति से सुरक्षा को खतरा है।

पुलिस के अनुसार उस शाम बाद में तीनों की मुलाकात हुई, जहां अनिल ने सुझाव दिया कि नव्याश्री अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए। उसने उम्मीद जताई कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वैवाहिक मुद्दे को सुलझाने में मदद मिल सकती है।

सुबह मिली नव्याश्री की लाश

इसके बाद नव्याश्री, ऐश्वर्या के साथ रात में करीब 11.30 बजे घर लौट आईं और दोनों सोने चली गईं। अगली सुबह ऐश्वर्या उठी तो उसने नव्याश्री को मृत पाया। उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस का मानना है कि नव्याश्री की हत्या उसके पति किरण ने की है, जिसे कथित तौर पर अपनी पत्नी पर संदेह था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने घर में प्रवेश करने के लिए एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल किया और उसकी हत्या कर दी। रिपोर्ट में पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि आरोपी ने महिला की हत्या करने से पहले उसे कुर्सी से बांधा और उसे प्रताड़ित किया।

तीन साल पहले हुई थी शादी

फिलहाल रिपोर्ट के अनुसार ऐश्वर्या की शिकायत के आधार पर पुलिस ने किरण को हिरासत में ले लिया है और केंगेरी पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस शिकायत के अनुसार, 25 वर्षीय नव्याश्री डांस इंस्ट्रक्टर थी और अपने पति किरण के साथ एसएमवी लेआउट, केंगेरी उपनगर में रहती थी। उनकी शादी को तीन साल हो गए थे।