Move to Jagran APP

'सबको सब पता है...', POCSO मामले में गैर जमानती वारंट पर क्या बोले येदियुरप्पा?

कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को दिल्ली से वापस बेंगलुरू पहुंचकर मीडिया से बात की और अपने खिलाफ दर्ज POCSO मामले एवं गैर-जमानती वारंट पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें न्याय मिलेगा। इससे पहले गुरुवार को अदालत ने उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट रद्द कर दिया था ।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sat, 15 Jun 2024 03:23 PM (IST)
Hero Image
येदियुरप्पा ने कहा कि वह 17 जून को आदालत में पेश होंगे। (File Image)
एएनआई, बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा शुक्रवार को दिल्ली से वापस बेंगलुरू पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने POCSO मामले में अपने खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट पर कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि वह 17 जून को आदालत में पेश होंगे।

उन्होंने बेंगलुरू में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें कुछ जरूरी काम था, इसलिए वह दिल्ली गए थे। उन्होंने बताया, 'मैंने संबंधित लोगों से कहा था कि मैं 17 तारीख को वापस आऊंगा। सबको सब पता है और मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। मुझे न्याय मिलेगा। मैं 17 जून को अदालत में पेश होऊंगा।"

अदालत ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक हाईकोर्ट ने पॉक्सो मामले में उन्हें बड़ी राहत देते हुए सीआईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी और उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट भी रद्द कर दिया था। साथ ही अदालत ने उन्हे 17 जून को सीआईडी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था।

बताते चलें कि पूर्व सीएम के खिलाफ 14 मार्च को POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। एक 17 वर्षीय लड़की की मां ने उन पर बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले को लेकर बेंगलुरू की एक अदालत ने गुरुवार को उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।