Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

13 सीटों के उपचुनाव ने क्यों बढ़ाई BJP की टेंशन? कहां किसको हुआ नुकसान और किसने उठाया फायदा, पढ़ें पूरा समीकरण

By elections Result 2024 सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस और टीएमसी ने शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा को बंगाल में तीन विधानसभा सीटों का नुकसान हुआ है। इन चुनाव नतीजों से सबसे अधिक राहत की सांस हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली है। यहां भाजपा की उम्मीदों को करारा झटका लगा है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sat, 13 Jul 2024 05:49 PM (IST)
Hero Image
13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को लगा झटका।

ऑनलाइन डेस्क, नई दिल्ली। सात राज्यों के 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। 10 सीटों पर इंडी गठबंधन को जीत मिली है। दो सीटों पर भाजपा और एक पर निर्दलीय ने जीत का परचम लहराया है। इन चुनावों में सबसे अधिक झटका भाजपा को लगा है। लोकसभा चुनाव में हिमाचल और उत्तराखंड में क्लीन स्वीप करने वाली भाजपा को चार सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। आइए जानते हैं इन चुनाव नतीजों से किसको फायदा हुआ और किसे नुकसान उठाना पड़ा...

हिमाचल प्रदेश में सुरक्षित सुक्खू सरकार

हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का जलवा बरकरार रहा। वहीं उनकी सरकार पर मंडरा रहा खतरा भी टल गया है। दरअसल, राज्यसभा चुनाव में छह विधायकों के बगावत के बाद सरकार खतरे में आ गई थी। मगर उपचुनाव में मिली जीत से यह खतरा टल गया है।

हिमाचल विधानसभा में अब विधायकों की कुल संख्या 68 हो गई है। इनमें कांग्रेस के 40 और भाजपा के 28 विधायक हैं। हिमाचल प्रदेश की इन तीनों सीटों पर पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव जीता था। मगर इस बार दो सीट कांग्रेस और एक भाजपा को मिली है।

  • देहरा विधानसभा: कांग्रेस प्रत्याशी और सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को 9399 मतों से हराया।
  • नालागढ़ विधानसभा: कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा ने भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर को 8990 मतों से शिकस्त दी।
  • हमीरपुर विधानसभा: भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने 1571 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पिंदर वर्मा को हराया है।

उत्तराखंड में दोनों सीट हारी भाजपा

उत्तराखंड में भाजपा को बदरीनाथ और मंगलौर दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। मंगलौर सीट पर भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना को कांग्रेस प्रत्याशी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने 422 मतों से हराया है। बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेंद्र भंडारी को 5224 मतों से पराजित किया। मंगलौर सीट पिछली बार बसपा के खाते में गई थी। बदरीनाथ सीट पहले भी कांगेस के खाते में थी।

यह भी पढ़ें: कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस को झटका, BJP ने जीता अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव

कमलनाथ का किला किया ध्वस्त

मध्य प्रदेश में भाजपा ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सबसे मजबूत गढ़ छिंदवाड़ा को जीतने के बाद अब अमरवाड़ा विधानसभा का रण भी जीत लिया है। यहां भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह ने 3252 मतों से चुनाव जीता है। कमलेश शाह मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी थे। पिछला चुनाव कांग्रेस की टिकट पर जीता था। मगर मार्च महीने में विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया और भाजपा का दामन थाम लिया। कमलेश ने कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह को शिकस्त दी है।

रुपौली में नहीं चला बीमा भारती का जादू

पूर्णिया लोकसभा सीट पर मिली हार के बावजूद लालू प्रसाद यादव ने बीमा भारती पर भरोसा जताया और रुपौली विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बना दिया। मगर जनता को यह दांव नहीं भाया। डेढ़ महीने के अंदर बीमा भारती को दूसरे सियासी झटके का सामना करना पड़ा। यहां निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह ने 8246 मतों से चुनाव जीता है। दूसरे स्थान पर जदयू प्रत्याशी कलाधर प्रसाद मंडल थे। बीमा भारती तीसरे स्थान पर रहीं।

बंगाल में बरकरार है ममता का जलवा

पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। पिछली बार इनमें तीन सीट रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बागदा सीट में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। टीएमसी के पास सिर्फ मानिकतला सीट थी। मगर उपचुनाव में टीएमसी ने सभी सीटों पर कब्जा जमा लिया है। बंगाल में भाजपा को बड़ा झटका लगा है।

  • रायगंज विधानसभा: टीएमसी प्रत्त्याशी कृष्णा कल्याणी ने भाजपा प्रत्याशी मानस कुमार घोष को 50077 मतों से शिकस्त दी।
  • राणाघाट दक्षिण: टीएमसी प्रत्याशी मुकुट मणि अधिकारी ने भाजपा के मनोज कुमार बिस्वास को 39048 मतों से हराया।
  • बागदा विधानसभा: टीएमसी प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर ने भाजपा के बिनय कुमार बिस्वास को 33455 मतों से पराजित किया।
  • मानिकतला सीट: भाजपा प्रत्याशी कल्याण चौबे को टीएमसी की सुप्ती पांडे ने 62312 मतों से हराया है।

पंजाब में आप तमिलनाडु में डीएमके जीती

पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने 37325 मतों से चुनाव जीता है। भाजपा ने शीतल अंगुराल को प्रत्याशी बनाया था। शीतल अंगुराल पहले इसी सीट से आप के विधायक थे। मगर उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद भाजपा ज्वाइन कर ली थी। तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर डीएमके प्रत्याशी अन्नियुर शिवा ने 67757 मतों से चुनाव जीता है।

यह भी पढ़ें: रुपौली में चौंकाने वाला नतीजा; RJD की बीमा भारती बुरी तरह हारीं, JDU भी पस्त