Move to Jagran APP

आने वाले समय में रूस का कम होगा महत्व, चीन से सतर्क रहने की जरूरत : CDS अनिल चौहान

सीडीएस अनिल चौहान ने कहा कि वे महसूस करते हैं कि आने वाले समय में रूस का महत्व कम होगा। हालांकि वह बड़ी परमाणु शक्ति वाला देश बना रहेगा। वहीं चीन अपनी आर्थिक शक्ति का इस्तेमाल कर राजनीतिक और कूटनीतिक क्षेत्र में अपनी हैसियत बढ़ा रहा है। ऐसा उसने सऊदी अरब और ईरान के बीच संबंध स्थापित करवाकर दिखा दिया है। हमें चीन से सतर्क रहने की जरूरत है।

By AgencyEdited By: Achyut KumarUpdated: Sat, 14 Oct 2023 10:57 PM (IST)
Hero Image
सीडीएस अनिल चौहान की चीन से सतर्क रहने की सलाह, कहा- विश्व में अनिश्चितता का माहौल, चुनौतियां बढ़ी हुईं हैं

पीटीआई, बेंगलुरु। विश्व की मौजूदा भूराजनीतिक व आर्थिक स्थिति और तकनीकी बदलावों ने अनिश्चितता का वातावरण बना दिया है। वैश्विक वातावरण अस्थिर, जटिल और अस्पष्ट है। ऐसे में देश अपने भविष्य को लेकर आशंकित हैं। ज्यादातर देश राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीति में बदलाव कर रहे हैं और रक्षा खर्च बढ़ा रहे हैं। यह बात तीनों सेनाओं के प्रमुख (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने 14 वीं एयर चीफ मार्शल एलएम कात्रे स्मृति व्याख्यानमाला में कही है।

नए सिरे से रणनीति बनाने की जरूरत

सीडीएस चौहान ने कहा कि अगर आप जापान, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, पोलैंड, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश जैसे कई देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित रणनीति को देखेंगे तो पाएंगे कि उन्होंने इसमें बदलाव किया है। यह बदलाव यूक्रेन युद्ध को देखते हुए किया गया, लेकिन अब पश्चिम एशिया में और ज्यादा बड़ा हो रहा है। ऐसे में एक बार फिर से नई स्थितियों के अनुसार रणनीति बनाने की जरूरत महसूस हो रही है।

यह भी पढ़ें: Israel Hamas War: फलस्तीन के लोगों के लिए 'भूत', इजरायल पर हमले का मास्टरमाइंड; आखिर कौन है हमास का 'द गेस्ट'

कई देशों का रक्षा बजट हुआ दोगुना

सीडीएस ने कहा कि यूक्रेन युद्ध के दौरान उपजी स्थितियों में कई देशों का रक्षा बजट पूर्व वर्षों की तुलना में दो गुना हो गया है। रक्षा उपकरणों का उत्पादन करने वाले कारखानों के लिए बढ़ी हुई मांग को पूरा करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। यह स्थिति हमारे रक्षा उत्पादन से जुड़े उद्योगों के लिए अवसर लाई है। हम अपने रक्षा उत्पादन को बढ़ाकर और उसमें विविधता लाकर मौके का फायदा उठा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: इजरायल-हमास युद्ध के बीच गाजा में खाने-खाने को मोहताज हुए लोग, दूध के लिए तरस रहे मासूम बच्चे

जनरल चौहान ने कहा कि विश्व के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्धों और लड़ाइयों को पर गौर करने से पता चलता है कि उनका तरीका बदल रहा है। अब युद्ध में तकनीकी का महत्व बढ़ गया है। वह कई स्तरों पर लड़ा जा रहा है। मुकाबला अंतरिक्ष और साइबर के क्षेत्रों तक चल रहा है। इसके लिए हमें तैयार करना होगा और खुद को बेहतर बनाना होगा।

आने वाले समय में कम होगा रूस का महत्व

वैश्विक भूराजनीतिक वातावरण की चर्चा करते हुए सीडीएस चौहान ने कहा कि वे महसूस करते हैं कि आने वाले समय में रूस का महत्व कम होगा। हालांकि, वह बड़ी परमाणु शक्ति वाला देश बना रहेगा, जबकि चीन, जो विश्व की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान बना चुका है, वह अपनी आर्थिक शक्ति का इस्तेमाल कर राजनीतिक और कूटनीतिक क्षेत्र में अपनी हैसियत बढ़ा रहा है। ऐसा उसने सऊदी अरब और ईरान के बीच संबंध स्थापित करवाकर दिखा दिया है। हमारी उत्तरी सीमा और दक्षिण चीन सागर में चीन अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। इसलिए हमें आने वाले समय में चीन से सतर्क रहना होगा।