Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा चीन, भारतीय जवानों ने खदेड़े चीनी सैनिक

पूर्वी लद्दाख में बुरी तरह से मुंह की खाने के बाद भी वह भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण की कोशिशें कर रहा है। इस बार चीनी सैनिकों ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की। परंतु मुस्तैद भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ दिया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Updated: Fri, 08 Oct 2021 09:07 PM (IST)
Hero Image
अरुणाचल के तवांग में घुसे 200 चीनी सैनिकों को भारतीय जवानों ने खदेड़ा (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। पूर्वी लद्दाख में बुरी तरह से मुंह की खाने के बाद भी वह भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण की कोशिशें कर रहा है। इस बार चीनी सैनिकों ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की। परंतु, मुस्तैद भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए दोनों तरफ के सैनिक आमने-सामने भी आ गए थे और उनके बीच झड़प भी हुई, लेकिन भारतीय जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

खबर यह भी है कि भारतीय जवानों ने कुछ चीनी सैनिकों को पकड़ भी लिया था, जिन्हें स्थापित प्रोटोकाल के बीच स्थानीय कमांडर स्तर पर दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत में मसला सुलझने के बाद छोड़ा गया। यह घटना हफ्ते भर पहले तवांग सेक्टर में यांग्शी इलाके में हुई थी। बताया जाता है कि चीनी सेना के करीब 200 जवान पेट्रो¨लग करते हुए सीमा पार कर भारतीय इलाके में घुसने का प्रयास करने लगे। इनकी गतिविधियों पर निगाह रख रहे भारतीय सैनिकों ने सीमा का अतिक्रमण करने के चीनी सैनिकों के इरादे को भांपते हुए तत्काल उन्हें ऐसा नहीं करने के लिए आगाह किया। चीनी सैनिकों ने चेतावनी की अनदेखी कर भारतीय इलाके में घुसने की कोशिश की तब भारतीय सैनिकों ने मोर्चा लेते हुए उन्हें वहीं रोक दिया। इस बीच उनके बीच कुछ देर तक झड़प भी चली। हालांकि दोनों देशों के स्थानीय कमांडरों के स्तर पर जल्द ही इस झड़प को सुलझा लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में दोनों देशों के बीच कोई निर्धारित सीमा रेखा नहीं है। दोनों देशों के सैनिक सीमा को लेकर अपने नजरिए के हिसाब से पेट्रो¨लग करते हैं। इस क्रम में दोनों देशों के सैनिकों के बीच जब भी आमने-सामने की भिड़ंत होती है तब स्थापित आपसी प्रोटोकाल के हिसाब से उसका समाधान निकाला जाता है। तवांग सेक्टर में हुई ताजा झड़प के दौरान रक्षा और सुरक्षा के लिहाज से कोई क्षति नहीं हुई। इससे पहले, अगस्त के आखिर में चीनी सैनिकों ने उत्तराखंड के बाराहोती इलाके में घुसपैठ की थी।

चीन ने पल्ला झाड़ा

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चीन ने अरुणाचल प्रदेश में अपने सैनिकों को भारतीय जवानों द्वारा पकड़ने की खबरों से पल्ला झाड़ लिया है। बीजिंग में नियमित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों ने जब चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झोउ लिजियान से चीनी सैनिकों के पकड़े जाने के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि इस बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।

13वें दौर की जल्द होनी वार्ता

चीनी सैनिकों की यह हरकत ऐसे समय में सामने आई है जब पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बीते डेढ़ साल से जारी सैन्य तनातनी को खत्म करने के लिए दोनों देशों के सैन्य कमांडरों के बीच 13वें दौर की वार्ता जल्द होने वाली है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक तीन से चार दिन में यह वार्ता हो सकती है। अभी दो दिन पहले ही सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा था कि दोनों देशों के बीच अगले दौर की सैन्य वार्ता अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में होगी।