Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Manipur: महिलाओं के प्रदर्शन के बाद कर्फ्यू में दी गई छूट रद, कांग्रेस बोली- जानबूझकर मणिपुर की यात्रा से बच रहे पीएम

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में महिलाओं के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने इंफाल पूर्व इंफाल पश्चिम और बिष्णुपुर में शनिवार को कर्फ्यू में दी गई ढील को रद कर दिया। इस सप्ताह की शुरुआत में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस के गोले लगने से नौ महीने की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके विरोध में इंफाल में सैंकड़ों औरतें सड़कों पर उतर गईं।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 15 Sep 2024 02:00 AM (IST)
Hero Image
महिलाओं के प्रदर्शन के बाद कर्फ्यू में दी गई छूट रद

 आइएएनएस, इंफाल। मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में महिलाओं के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम और बिष्णुपुर में शनिवार को कर्फ्यू में दी गई ढील को रद कर दिया। प्रशासन को इन जिलों में महिलाओं द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की आशंका थी।

इस सप्ताह की शुरुआत में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस के गोले लगने से नौ महीने की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके विरोध में इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई पुलिस स्टेशन के बाहर सैकड़ों महिलाओं के एकत्र होने के बाद शनिवार दोपहर तनाव उत्पन्न हो गया।

34 वर्षीय महिला का बच्चा मृत पैदा हुआ था और इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उसकी खुद की हालत गंभीर बताई जा रही है। आक्रोशित महिला प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर अजन्मे बच्चे की हत्या करने और मां को गंभीर हालत में छोड़ने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महिला प्रदर्शनकारियों को कफ्र्यू आदेशों का उल्लंघन नहीं करने और अपने घरों को लौटने के लिए मनाने की कोशिश करते रहे।

जानबूझकर मणिपुर की यात्रा से बच रहे पीएम : जयराम

प्रेट्र के अनुसार, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मणिपुर की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की और कहा कि वह देश के अन्य भागों और विदेश में यात्रा की योजना बनाते रहे हैं, लेकिन सबसे अधिक संकटग्रस्त राज्य की यात्रा से जानबूझकर बच रहे हैं। उन्होंने ¨हसा की जांच के लिए गठित आयोग को रिपोर्ट सौंपने के लिए और समय दिए जाने पर भी सवाल उठाया।

मणिपुर और असम में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर और असम में दो अलग-अलग अभियानों में चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मणिपुर में सुरक्षा बलों की छापेमारी के दौरान हथियारों का बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया।

सूत्रों के अनुसार भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादियों की आवाजाही के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर असम राइफल्स के जवानों ने टेंग्नौपाल जिले में अभियान शुरू किया। टीम ने घेराबंदी कर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के तीन कैडर को पकड़ा।

अन्य घटनाक्रम में खुफिया सूचना पर स्पेशल टास्क फोर्स, असम की टीम ने शुक्रवार रात गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में मणिपुर निवासी एलएस. योसेफ चोंगलोई को पकड़ा। चोंगलोई, यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी का स्वयंभू वित्त सचिव है। मणिपुर और असम के सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न अवैध गतिविधियों में उसके शामिल होने का संदेह है।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

एक अन्य घटनाक्रम में सेना के जवानों ने सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर पिछले 48 घंटों में चूड़चंदपुर जिले में खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।