Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

रूसी कंपनी रोसोबोरोनेक्सपोर्ट ने कहा- भारत में साल के अंत तक शुरू हो जाएगा एके-203 का निर्माण

रूसी कंपनी रोसोबोरोनेक्सपोर्ट की तरफ से कहा गया है कि भारत में एके-203 असाल्ट राइफल का निर्माण इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। रोसोबोरोनेक्सपोर्ट रूस की सरकारी कंपनी रोसटेक स्टेट कार्पोरेशन की सहायक कंपनी है। पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Jagran NewsEdited By: Krishna Bihari SinghUpdated: Mon, 17 Oct 2022 11:49 PM (IST)
Hero Image
भारत में एके-203 असाल्ट राइफल का निर्माण इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत में एके-203 असाल्ट राइफल का निर्माण इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। रूसी कंपनी रोसोबोरोनेक्सपोर्ट की तरफ से यह जानकारी दी गई है। रोसोबोरोनेक्सपोर्ट रूस की सरकारी कंपनी रोसटेक स्टेट कार्पोरेशन की सहायक कंपनी है और इसने भारत में इस राइफल के निर्माण के लिए वर्ष 2019 में संयुक्त उद्यम लगाने का समझौता किया था। इसके तहत अमेठी जिले के कोरवा में क्लाशनीकोव असाल्ट राइफल (एके-203) निर्माण के लिए फैक्ट्री लगाई गई है।

पूरी तरह स्थानीय होगा राइफल का निर्माण

पहले बताया गया था कि इस साल अगस्त में फैक्ट्री में राइफल का निर्माण शुरू हो जाएगा। परंतु, सोमवार को रोसोबोरोनेक्सपोर्ट के महानिदेशक एक्लेक्जेंडर मिखीव ने बताया कि वर्ष 2022 के अंत तक कोरवा आर्डनेंस फैक्ट्री में एके-203 का उत्पादन शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कंपनी की योजना भारत में रूस के इस विश्वप्रसिद्ध राइफल का निर्माण पूरी तरह से स्थानीय तौर पर करने की है।

भारत में अत्याधुनिक हथियारों का निर्माण करेगी कंपनी

कंपनी भारत सरकार की मेक इन इंडिया कार्यक्रम को लेकर प्रतिबद्ध है। यह कंपनी आगे चल कर भारत में और भी अत्याधुनिक हथियारों का निर्माण करेगी। इसके लिए मौजूदा फैक्ट्री को और ज्यादा अत्याधुनिक बनाया जाएगा।

डिफेक्सो इंडिया में भाग लेने आए हैं मिखीव

उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की योजना भारतीय निर्माण केंद्र से दुनिया के दूसरे देशों में भी राइफलों के निर्यात करने की है। मिखीव गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले डिफेक्सो इंडिया 2022 में हिस्सा लेने के लिए आए हैं। 18 से 21 अक्टूबर तक चलने वाले रक्षा क्षेत्र के इस बेहद प्रतिष्ठित आयोजन में दुनिया भर की रक्षा कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम

एके-203 असाल्ट राइफलों का भारतीय सुरक्षा एजेंसियां भी बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। सरकार की योजना इसे बड़े पैमाने पर भारतीय एजेंसियों को उपलब्ध कराने की है। माना जा रहा है कि भारत के दौरे पर आए रोसोबोरोनेक्सपोर्ट के अधिकारियों की इस बारे में भारतीय एजेंसियों व सरकार के प्रतिनिधियों से भी वार्ता होगी। मिखीव ने बताया कि वह भारतीय अधिकारियों से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं।

रूस की सबसे बड़ी हथियार निर्यातक कंपनी है रोसोबोरोनेक्सपोर्ट

बता दें कि रोसोबोरोनेक्सपोर्ट रूस की सबसे बड़ी हथियार निर्यातक कंपनी है। भारत के साथ चीन इसका सबसे बड़ा खरीददार देश है। दिसंबर 2021 में जब राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आये थे तब इसके अधिकारी भी उनके साथ थे।

बहुत घातक है एके-203

एके-203 को एके-200 सीरीज के सबसे घातक व अत्याधुनिक छोटे हथियारों में से एक माना जाता है। रूस की आतंरिक सुरक्षा एजेंसियां बड़े पैमाने पर इसका इस्तेमाल कर रही हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद जब रूस पर अमेरिका व पश्चिमी देशों का दबाव बढ़ रहा है तब इस कंपनी के लिए भारतीय बाजार की अहमियत और बढ़ गई है। इसके अलावा भी यह कंपनी भारत को अपने दूसरे हथियार बेचने का प्रयास कर रही है।  

यह भी पढ़ें- रक्षा मंत्री का बिना नाम लिए चीन और पाक पर निशाना, कहा- चोट पहुंचाने की कोशिश की तो देंगे मुंहतोड़ जवाब

यह भी पढ़ें- रक्षा मंत्री बोले- देश की सुरक्षा व्यवस्था को खत्म करने में स्वतंत्र मीडिया का किया जा सकता है दुरुपयोग