Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पहाड़ों पर भी कहर बरपा रही गर्मी, दिल्ली-पंजाब समेत इन राज्यों में जारी लू का टॉर्चर; अगले 3-4 दिन राहत के आसार नहीं

देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है और अगले तीन दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

By Jagran News Edited By: Nidhi Avinash Updated: Sun, 16 Jun 2024 02:01 AM (IST)
Hero Image
मैदान ही नहीं पहाड़ी इलाकों में भी लू का अलर्ट (Image: Jagran)

जागरण टीम, नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के मैदानी इलाके ही नहीं, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी ज्यादातर जिले भी लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है और अगले तीन दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

पंजाब में 18 जून तक लू की रहेगी स्थिति

पंजाब में 18 जून तक लू व अति लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। शनिवार को सबसे ज्यादा 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान अबोहर का रहा, जो सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर के नेरी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। उत्तराखंड में देहरादून का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में भी लू का प्रकोप जारी

जम्मू में भी लू का प्रकोप जारी है। जम्मू संभाग में सबसे अधिक तापमान कठुआ जिले में 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मुख्तार के अनुसार जम्मू में 20 जून तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। बंगाल व सिक्किम में भारी बारिश की संभावनादेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए आरेंज तो कुछ के लिए रेड अलर्ट जारी किए हैं।

इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी

अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार और मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल और सिक्किम के उप-हिमालयी भागों में भी भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

अगले 3-4 दिनों के दौरान यहां होगी बारिश

इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर और बीजापुर, सुकमा, मलकानगिरी, विजयनगरम और इस्लामपुर जैसे अलग-अलग इलाकों में पहुंच गया है। अगले तीन-चार दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

यह भी पढ़ें: Manipur Fire: मणिपुर में हिंसा के बीच सचिवालय बिल्डिंग के पास लगी भीषण आग, नजदीक ही है सीएम बीरेन सिंह का आवास

यह भी पढ़ें: रेणुका स्वामी मर्डर केस में अभिनेता दर्शन व अन्य आरोपियों की हिरासत बढ़ी, 11 जून को हुई थी गिरफ्तारी