Move to Jagran APP

Weather Update: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से उत्तर भारत में फिर बढ़ी ठिठुरन, ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में जनजातीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ। उत्तराखंड में भी ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए हैं। चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बूंदाबांदी हुई। समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों में हुए हिमपात का असर उत्तर भारत में भी दिखा।

By Jagran NewsEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Wed, 11 Jan 2023 10:33 PM (IST)
Hero Image
मां वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी

नई दिल्ली, जागरण टीम। बुधवार को पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से उत्तर भारत के मैदानी राज्य एक बार फिर ठिठुर उठे। कश्मीर समेत जम्मू संभाग के कई उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हुआ। जम्मू संभाग के लोकप्रिय पर्यटन स्थल नत्थाटाप में देर रात तक करीब एक फीट बर्फ गिर चुकी थी। ऊधमपुर में अच्छी बर्फबारी हुई है। मां वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत की ऊंची पहाडि़यों पर हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम के असर के चलते करीब एक दर्जन रेलगाड़ियां देरी से जम्मू पहुंचीं। हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।

हिमाचल प्रदेश में जनजातीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ। उत्तराखंड में भी ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए हैं। चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बूंदाबांदी हुई। समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों में हुए हिमपात का असर उत्तर भारत में भी दिखा। पंजाब के कई जिलों में दोपहर के बाद बूंदाबांदी होने से दिन के तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा।

हिमाचल में भारी हिमपात

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान की मानें तो गुरुवार व शुक्रवार को ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहने, गरज के साथ छींटे पड़ने और वर्षा के आसार हैं। खासकर हिमाचल के साथ सटे जिलों में वर्षा होने की संभावना है। इससे दिन के समय में ठंड काफी बढ़ जाएगी। शुक्रवार शाम पंजाब में फिर से घनी धुंध पड़नी शुरू हो जाएगी। 14 व 15 जनवरी को सुबह व शाम के समय बहुत ज्यादा धुंध पड़ने और शीतलहर चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भी कोहरे ने कई जिलों को जकड़े रखा। मंगलवार रात से छाया घना कोहरा बुधवार देर सुबह तक डेरा जमाए रहा। सर्द हवा और गलन से जनजीवन ठिठुरता रहा। 4.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर प्रदेश में सबसे सर्द रहा तो हमीरपुर में पारा 5.2 और आगरा में 5.4 डिग्री रहा।

बर्फबारी ने पहाड़ों में गिराया तापमान

बर्फबारी से जम्मू कश्मीर के लगभग सभी हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, वर्षा होने से कोहरा कुछ कम जरूर हुआ है। गुरुवार को भी बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। 13 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बर्फबारी व बारिश से गुलमर्ग व पहलगाम छोड़ कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर आ गया। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 5.4 व न्यूनतम 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 12.5 और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में भी वर्षा व हिमपात ने जीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया है।

मनाली में मेघ जमकर बरसे

जनजातीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रे में एक फीट, कुंजुंम, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में बर्फ की एक फीट से अधिक चादर बिछ गई है। मनाली में मेघ जमकर बरसे हैं। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर नार्थ व साउथ पोर्टल बर्फ से ढके हैं। इसे पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। लाहुल स्पीति के अधिकतर क्षेत्रों में वाहन सेवा प्रभावित हुई। शिंकुला दर्रे में हिमपात होने से जांस्कर व कारगिल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया।

चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बूंदाबांदी

कांगड़ा की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। पांगी घाटी में चार इंच तक हिमपात से यह शेष विश्व से कट गई है। चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बूंदाबांदी से समूचा उत्तराखंड कड़ाके की ठंड की चपेट में है। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी से पारे ने गोता लगाया और कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में बच्चों में दमे के हर 8 मामले में से एक का कारण गैस चूल्हा, अब इस पर रोक लगाने का विचार

यह भी पढ़ें- Fact Check: मायापुरी ASI हत्याकांड का आरोपी मुस्लिम नहीं, समुदाय विशेष के खिलाफ किया जा रहा दुष्प्रचार