Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कहीं बाढ़ की नौबत तो कहीं सूखे की आशंका, बिहार में मानसून के मुंह मोड़ने से किसानों की बढ़ी बेचैनी

Monsoon in India भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं बारिश और बाढ़ जैसे हालात हैं तो कहीं पर सूखे की हालात है। उत्तर प्रदेश में कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़ने की आशंका बताई जा रही है। तो वहीं बिहार में मानसून के कमजोर पड़ने से किसानों की बेचैनी बढ़ रही है। इसबार पहाड़ों पर भी सामान्य से कम वर्षा हुई है।

By Jagran News Edited By: Babli Kumari Updated: Wed, 31 Jul 2024 11:50 PM (IST)
Hero Image
उत्तर भारत में मौसम का अंदाज निराला (फाइल फ़ोटो)

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। आलम यह है कि कहीं बाढ़ की नौबत आ गई है तो कहीं सूखे की आशंका गहरा रही है। उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़ने की आशंका है तो हिमाचल प्रदेश, हरियाणा व उत्तराखंड में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के चलते बदरीनाथ व केदारनाथ राजमार्ग पर मलबा आने से बाधित हुए हैं। उधर, बिहार में मानसून के मुंह मोड़ने से किसानों की बेचैनी बढ़ रही है। जम्मू में सामान्य से कम वर्षा हुई है। हालत यह है कि लगातार हो रही उमस लोगों को हाल-बेहाल किए हुए है। कुछ जनपदों को छोड़ पूरे उत्तर प्रदेश में बुधवार को झूम के वर्षा हुई।

फर्रुखाबाद व बदायूं में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान पर 

बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं ने पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और रुहेलखंड में दोपहर बाद जोरदार बारिश की। फर्रुखाबाद व बदायूं में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। वाराणसी में सभी प्रमुख घाटों का आपसी संपर्क पूरी तरह टूटने के साथ ही दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती स्थल और मणिकर्णिका घाट पर चिता स्थल और ऊपर कर दिया गया है। वहीं तेज बहाव के कारण छोटी नावों का संचालन रोक दिया गया है।

आजमगढ़ में सरयू का जलस्तर खतरा के करीब 

आजमगढ़ में सरयू का जलस्तर खतरा बिंदु के करीब पहुंच गया है। वज्रपात से चित्रकूट में सगे भाइयों व फर्रुखाबाद में एक महिला की मौत हो गई। हरियाणा में बुधवार को 10 जिलों जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, अंबाला, हिसार, भिवानी, रोहतक व यमुनानगर में तेज वर्षा हुई। गुरुवार को भी हरियाणा के अलग-अलग जिलों के लिए वर्षा का आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में भी पर्वतीय जिलों में जोरदार वर्षा

उत्तराखंड में भी पर्वतीय जिलों में जोरदार वर्षा हुई। इससे चारधाम यात्रा मार्गों बाधित रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को भी उत्तराखंड में भारी वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर व चमोली में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है।

विधानसभा के परिसर में भरा पानी

शिवपाल ने ली चुटकी लखनऊ में बुधवार को करीब दो घंटे की जोरदार बारिश ने नगर निगम के इंतजामों की पोल खोल दी। विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा था तभी बाहर सड़क से पानी गेट के अंदर घुसने लगा। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने इंटरनेट मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर तस्वीरें पोस्ट कर चुटकी भी ले ली। नगर निगम मुख्यालय के बरामदों में भी पानी भर गया था।

यह भी पढ़ें- Monsoon 2024: इस साल मानसून ने देशवासियों का किया मूड ऑफ, बिहार समेत देश के 267 जिलों में कम हुई बारिश