Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Flood crisis: गुजरात, असम, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में बाढ़ और बारिश से हाहाकार, महाराष्ट्र में उफनाई नदियां; मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Flood crisis बाढ़ और वर्षा से कई राज्यों में स्थिति बिगड़ी लोग परेशान हैं।आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मौसम विभाग ने महराष्ट्र गुजरात समेत कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

By Babli KumariEdited By: Updated: Sat, 16 Jul 2022 08:24 AM (IST)
Hero Image
नवसारी में बाढ़ जैसी स्थिति से कई जानवरों, पक्षियों को बचाया गया। (फाइल फोटो)

गुजरात, एजेंसी। बारिश और बाढ़ से भारत के कई राज्य बेहाल हो रखे है। गुजरात और महारष्ट्र इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहीं असम, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर भी भीषण बारिश की चपेट में है। बाढ़ और लगातार बारिश से कई लोगों ने अपनी जान गंवाई हैं। मौसम विभाग ने महराष्ट्र , गुजरात समेत कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

महाराष्ट्र में लोगों को पहुंचाया जा रहा है सुरक्षित स्थानों पर

महाराष्ट्र में लगातार बारिश से नदियां उफनाई हुई हैं और पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। पालघर जिले में कई सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। ठाणे जिले में भातसा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को प्रशासन ने सावधान रहने को कहा है। कई इलाकों में लगातार बारिश जारी है।

— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 15, 2022

गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ से जानवरों को बचाया गया

दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से भारी वर्षा जारी है। नवसारी जिले में 811 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। नवसारी जिले में अत्यधिक भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा होने के बाद शुक्रवार को कई जानवरों और पक्षियों को बचाया गया। बचाव दल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे जानवरों को भी भोजन कराया।

गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सूरत, जूनागढ़, गिर, भावनगर, तापी, डांग, वलसाड और नवसारी सहित आठ जिलों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट की घोषणा की गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम नवसारी और वलसाड जिले में फंसे लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।

असम में 62 हजार से अधिक लोगों को पहुंचाया गया सुरक्षित स्थानों पर

2.10 लाख से अधिक लोग बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि काचर जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इससे बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 194 हो गई है। आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

  • 62 हजार से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
  • 45 राहत शिविरों में 10,000 से अधिक लोग शरण ले रहे हैं। एएसडीएमए ने कहा कि कुल 875.46 हेक्टेयर फसल क्षेत्र अभी भी जलमग्न है, जबकि 71,839 जानवर प्रभावित हुए हैं। बुलेटिन के मुताबिक 17 सड़कें और 711 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में बाढ़ की चेतावनी जारी

तमिलनाडु में कोयंबटूर जिला प्रशासन ने भारी बारिश के बाद बाढ़ की चेतावनी जारी की है। भवानी, नोय्याल और अमरावती नदियों में जल प्रवाह लगातार बारिश के कारण बढ़ गया है। भारी वर्षा ने प्रमुख जलाशयों में जल प्रवाह को बढ़ा दिया है, जिससे पिल्लूर जलाशय में प्रवाह बढ़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से चिनाब नदी का बढ़ा जलस्तर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश से चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया है। सरकार ने राज्य के निचले तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में भी भारी बारिश और भूस्खलन

हिमाचल प्रदेश के श्रीखंड महादेव यात्रा कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण कई क्षेत्र प्रभावित हुई है।

तेलंगाना के भद्राचलम में बचाव-राहत कार्यों में शामिल होगी सेना

भारतीय सेना ने शुक्रवार को तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित भद्राचलम शहर में बचाव और राहत कार्यों के लिए अपने जवानों को भेजा है। कुल 101 जवान, जिनमें से 68 इन्फैंट्री, 10 चिकित्सा पेशेवर और 23 इंजीनियर भद्राद्री के लिए रवाना हो गए हैं। गोदावरी नदी भद्राचलम में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, शहर के कुछ हिस्सों और नदी के किनारे जिले के कई गांवों में पानी भर रहा है। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के निर्देश पर मुख्य सचिव ने सेना के अधिकारियों से बात कर बाढ़ प्रभावित भद्राद्री जिले में सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। पर्यटन विभाग ने भद्राद्री जिले में चार विशेष नौकाएं भेजी हैं। बचाव और राहत कार्य। दमकल विभाग ने 210 लाइफ जैकेट और लाइफ बॉय के साथ सात नावें भी भेजी हैं।