Move to Jagran APP

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के भाई-बहन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, पढ़ें क्या है पूरा मामला

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के भाई और बहन के खिलाफ बेंगलुरू पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। हालांकि प्रल्हाद जोशी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका उनके भाई से पिछले 32 साल से कोई संबंध नहीं है। मामले को लेकर कांग्रेस ने उनके खिलाफ बेंगलुरू में विरोध प्रदर्शन भी किया। जानिए क्या है पूरा मामला और मंत्री के भाई-बहन पर क्या हैं आरोप।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Fri, 18 Oct 2024 11:12 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने कई साल पहले भाई से खुद को अलग कर लिया है। (Photo- Internet Media)

पीटीआई, बेंगलुरु। बेंगलुरु पुलिस ने जदएस के पूर्व विधायक देववंद फूल सिंह चव्हाण की पत्नी सुनीता चव्हाण की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के भाई गोपाल जोशी और बहन विजयलक्ष्मी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

बसवेश्वर नगर पुलिस थाने में दर्ज मामले में गोपाल के बेटे अजय जोशी का भी नाम शामिल है। मामला सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग की। वहीं, प्रल्हाद जोशी ने कहा कि पिछले 32 साल से भाई से कोई संबंध नहीं है।

टिकट दिलाने के नाम पर फ्रॉड

सुनीता ने आरोप लगाया कि वह मार्च में उत्तर कर्नाटक के हुब्बल्लि में स्थित गोपाल के आवास पर गई थीं, जहां गोपाल ने उन्हें मई में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिलाने का वादा किया था। सुनीता ने कहा कि गोपाल के कहने पर विजयलक्ष्मी के बसवेश्वर नगर स्थित आवास पर 25 लाख रुपये भी पहुंचाए थे।

बाद में गोपाल को 1.75 करोड़ रुपये दिए। सुनीता ने आरोप लगाया कि जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो उन्होंने गोपाल से फिर बात की। गोपाल द्वारा रकम न लौटाने पर शिकायत दर्ज कराई गई। बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

मामला सामने आने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने भाई गोपाल जोशी से पिछले 32 साल से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि मैंने कोर्ट में एक हलफनामा दायर किया है और एक सार्वजनिक नोटिस भी प्रकाशित कराया है, जिसमें कहा गया है कि जो कोई भी उनका भाई, रिश्तेदार या दोस्त होने का दावा करता है और किसी भी वित्तीय मामले में शामिल होता है तो इसके लिए वह जिम्मेदार नहीं होंगे।

— Pralhad Joshi (@JoshiPralhad) October 18, 2024

इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरु के गांधी भवन में विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री जोशी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।