बलिदानी दीपक की पत्नी हुईं भारतीय सेना में शामिल, गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में दिखाई थी वीरता
गलवान घाटी में शहीद हुए नायक वीर चक्र (मरणोपरांत) दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह को भारतीय सेना में शामिल किया गया है। बता दें कि रेखा सिंह चेन्नई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी की पास आउट परेड में शामिल होने वाली 40 महिलाओं में से एक हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। गलवान घाटी में शहीद हुए नायक वीर चक्र (मरणोपरांत) दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह को भारतीय सेना में शामिल किया गया है। बता दें कि रेखा सिंह चेन्नई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी की पास आउट परेड में शामिल होने वाली 40 महिलाओं में से एक हैं। रेखा सिंह के पति नाइक दीपक ने गलवान संघर्ष के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।
भारतीय सेना में शामिल हुईं रेखा सिंह
महिला कैडेट रेखा सिंह को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) चेन्नई से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना में शामिल किया गया है। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
Women Cadet Rekha Singh, wife of Galwan Valley clash hero Late Naik Deepak Singh, Vir Chakra (Posthumous) got commissioned into Indian Army after completing her training from OTA Chennai.
Naik Deepak made the supreme sacrifice during the Galwan clash. pic.twitter.com/eKSyP2JDpt
— ANI (@ANI) April 29, 2023
लेफ्टिनेंट रेखा सिंह बोलीं- मुझे है बहुत गर्व
वहीं, लेफ्टिनेंट रेखा सिंह ने कहा कि मेरे पति के गुजर जाने के बाद मैंने भारतीय सेना में शामिल होने का फैसला किया और इसकी तैयारी शुरू कर दी। आज मेरी ट्रेनिंग पूरी हो गई है और मैं लेफ्टिनेंट बन गई हूं। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है और मैं सभी महिला उम्मीदवारों को सलाह देना चाहूंगी कि वे खुद पर विश्वास करें और दूसरों के बारे में सोचे बिना वह करें जो वे करना चाहती हैं।
गलवान घाटी में शहीद हुए थे दीपक सिंह
दरअसल, जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सेना और चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के बीच झड़प हुई थी। इस संघर्ष के दौरान 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। इसमें दीपक सिंह भी शामिल थे।
शहीद को मरणोपरांत वीर चक्र से किया गया था सम्मानित
उल्लेखनीय है कि रेखा सिंह की शादी बिहार रेजिमेंट की 16वीं बटालियन के नायक दीपक सिंह के साथ हुई थी। दीपक सिंह साल 2020 में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प के दौरान शहीद हुए थे। दीपक सिंह की वीरता के लिए साल 2021 में उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।