Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हर घर तिरंगा अभियान की सफलता से चंद्रयान-3 तक, 'मन की बात' में क्या-क्या बोले PM मोदी

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला से दिए गए अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भी युवाओं से राजनीति में आने का आग्रह किया। परिवारवादी पार्टियों पर प्रतिभाओं का दमन करने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति में आने के लिए युवाओं को सही मार्गदर्शन की तलाश है।

By Jagran News Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Sun, 25 Aug 2024 11:45 PM (IST)
Hero Image
मन की बात में पीएम मोदी का संबोधन (फोटो-एएनआई)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला से दिए गए अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भी युवाओं से राजनीति में आने का आग्रह किया। परिवारवादी पार्टियों पर प्रतिभाओं का दमन करने का आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि राजनीति में आने के लिए युवाओं को सही मार्गदर्शन की तलाश है।

उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान की सफलता के साथ अंतरिक्ष सेक्टर से जुड़े युवाओं से चंद्रयान-3 को लेकर भी बात की। पीएम मोदी के मन की बात का यह 113वां एपिसोड था। पीएम ने गैर राजनीतिक परिवार के युवाओं से राजनीति में सक्रिय होने का आग्रह करते हुए कहा था कि इससे लोकतंत्र मजबूत होगा।

पीएम के आग्रह के बाद युवाओं में भारी उत्साह

पीएम के इस आग्रह के बाद युवाओं में भारी उत्साह है। पीएम ने कहा कि इस प्रतिक्रिया से पता चलता है कि राजनीति में आने के लिए कितनी बड़ी संख्या में युवा तैयार बैठे हैं। बस उन्हें सही मौके की तलाश है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी ऐसे कई लोग सामने आए थे, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्टभूमि नहीं थी। उन्होंने खुद को भारत की आजादी के लिए झोंक दिया था। विकसित भारत का लक्ष्य पाने के लिए फिर उसी धुन की जरूरत है। पीएम ने युवाओं से आगे आने का आग्रह किया और उम्मीद जताई कि उनका अनुभव और जोश देश के भविष्य को बदलने वाला होगा।

गैलेक्सी-आई स्टार्टअप खड़ा करने वाले आईआईटी मद्रास के छात्र से अंतरिक्ष सेक्टर पर चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि भारत में बहुत कुछ हो रहा है, जिससे देश की नींव मजबूत ही रही है। 23 अगस्त को देश ने पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया है। पिछले वर्ष इसी दिन देश का चंद्रयान-3 अभियान सफल हुआ था।

हर घर तिरंगा अभियान को पीएम मोदी ने बताया सफल

छात्र ने पीएम को स्टार्टअप प्रारंभ करने की कहानी बताई। पीएम ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बताया और कहा कि इसने देश को एक सूत्र में बांधा है। कोने-कोने से इसकी अद्भुत तस्वीरें आईं हैं। घरों, स्कूलों, कालेजों एवं विश्वविद्यालयों में हमने तिरंगा देखा। दुकानों, दफ्तरों, डेस्कटाप, मोबाइल और गाडि़यों में तिरंगा लगाया। जम्मू-कश्मीर में 750 मीटर लंबे झंडे के साथ तिरंगा रैली निकाली गई।

पीएम ने पोषण माह का किया जिक्र 

अरुणाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी लोग ऐसी तिरंगा यात्राओं में शामिल हुए। पीएम ने एक से 30 सितंबर तक चलने वाले पोषण माह का जिक्र खास तौर पर किया और कहा कि बच्चों का पोषण देश की प्राथमिकता है। वैसे तो इस पर पूरे वर्ष ध्यान रहता है, लेकिन एक महीना विशेष फोकस रहता है। लोगों को जागरूक करने के लिए पोषण मेला, एनीमिया शिविर, नवजात शिशुओं के घर के दौरे आदि कई तरीके अपनाए जाते हैं। पिछले वर्ष पोषण अभियान को नई शिक्षा नीति से जोड़ा गया है।

वन्य जीवों के साथ मानव संबंधों का जिक्र करते हुए पीएम ने असम के हूलाक गिब्बन बंदरों का विशेष तौर पर उल्लेख किया। असम के बारेकुरी गांव में मोरान समुदाय के लोगों ने इन बंदरों के संरक्षण के लिए बहुत काम किया है, जिससे बंदरों ने उस गांव को अपना बसेरा बना लिया है। इसी तरह अरुणाचल प्रदेश में युवाओं ने वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए 3-डी ¨प्र¨टग तकनीक का सहारा लिया है। इससे सींगों और दांतों की तस्करी पर नियंत्रण लग सका है।