Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Hathras Stampede: 'कुछ लोगों ने भीड़ में जहरीले स्प्रे के डिब्बे खोले...फिर मच गई भगदड़', भोले बाबा के वकील का नया दावा

हाथरस भगदड़ मामले में स्वयंभू बाबा भोले बाबा के वकील एपी सिंह ने चौंकाने वाला दावा किया है। सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि दो जुलाई को हाथरस में हुए सत्संग के दौरान मुंह ढंके हुए 15-16 लोग मौजूद थे। भीड़ में कुछ लोगों ने जहरीले पदार्थ से भरे डिब्बे खोले थे। इस वजह से ही सत्संग में भगदड़ मच गई।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Mon, 08 Jul 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
हाथरस में भगदड़ मचने के मामले में स्वयंभू बाबा के वकील एपी सिंह ने साजिश होने का गंभीर आरोप लगाया।

पीटीआई, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस में सूरजपाल सिंह (नारायण साकार विश्व हरि) के सत्संग के बाद भगदड़ मचने के कारण 121 लोगों की हुई मौत के मामले में स्वयंभू बाबा के अधिवक्ता एपी सिंह ने रविवार को साजिश होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से दावा किया कि सत्संग के दौरान कुछ लोगों ने भीड़ में जहरीले स्प्रे से भरे डिब्बे खोले, जिससे भगदड़ मची।

भोले बाबा के वकील ने साजिश का लगाया आरोप

दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एपी सिंह ने भगदड़ के पीछे साजिश का आरोप लगाया। उनका कहना था कि भोले बाबा (सूरजपाल) की बढ़ती लोकप्रियता से ईर्ष्या करने वालों ने इसे अंजाम दिया। एपी सिंह ने दावा किया, "गवाहों ने मुझसे संपर्क किया और कहा कि 15-16 लोग जहरीले स्प्रे के डिब्बे लेकर आए थे, जिन्हें उन्होंने भीड़ में खोला। मैंने मारे गए लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखी है और उससे पता चला है कि वे चोटों के कारण नहीं बल्कि दम घुटने से मरे थे।"

भगदड़ के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर लोगों को भागने में मदद करने के लिए वाहन खड़े थे। हमारे पास सुबूत हैं और हम उन्हें पेश करेंगे। एपी सिंह ने दावा किया कि उनसे संपर्क करने वाले गवाहों ने नाम न बताने का अनुरोध किया है। हम उनके लिए सुरक्षा की मांग करेंगे।

सरकार कानून पर पूरा भरोसा

उन्होंने कहा कि बाबा को कानून पर पूरा भरोसा है। हम लोग कानून में विश्वास रखते हैं। सेवादार से लेकर मरने वाले सब बाबा के हैं। लेकिन मारने वाले कौन हैं, इसका पता करना है। सनातन को मानने वाले लोग अपने धर्म गुरुओं के पास ही जाते हैं। हमें सरकार, कानून, मीडिया पर पूरा भरोसा है। हम मीडिया से भी सहयोग करने की अपील करते हैं।