Move to Jagran APP

Heatwave Death: कातिल गर्मी! यूपी में 24, बिहार में 46 लोगों की गई जान; 24 घंटे में देशभर में लू से 134 से अधिक की मौत

शुक्रवार को लू व भीषण गर्मी से बिहार में 46 झारखंड में 16 ओडिशा में 44 और यूपी में 24 की जान चली गई। राजस्थान में चार की मौत के साथ आठ दिनों में मरने वालों की संख्या 64 पहुंच चुकी है। पश्चिम ओडिशा में भीषण गर्मी के कारण हालात चिंताजनक हैं। भीषण गर्मी के कारण एक दिन में 44 लोगों की जान चली गई।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Published: Fri, 31 May 2024 10:07 PM (IST)Updated: Fri, 31 May 2024 10:28 PM (IST)
भीषण गर्मी से बिहार में 46, झारखंड में 16, ओडिशा में 44 और यूपी में 24 की जान चली गई।

जागरण टीम, नई दिल्ली। शुक्रवार को लू व भीषण गर्मी से बिहार में 46, झारखंड में 16, ओडिशा में 44 और यूपी में 24 की जान चली गई। राजस्थान में चार की मौत के साथ आठ दिनों में मरने वालों की संख्या 64 पहुंच चुकी है। पश्चिम ओडिशा में भीषण गर्मी के कारण हालात चिंताजनक हैं। भीषण गर्मी के कारण एक दिन में 44 लोगों की जान चली गई। इनमें अकेले सुंदरगढ़ जिले में एक दिन में 20 लोगों की मौत हुई है। यूपी और बिहार में मरने वालों में क्रमश: 11 और आठ मतदान कर्मी शामिल हैं। बिहार में मौत की घटनाएं 11 जिलों में हुई हैं।

सर्वाधिक मौत औरंगाबाद में हुई, जिसमें 17 लोगों ने दम तोड़ दिया। गया में सात, रोहतास में आठ, सारण में तीन, आरा, पटना व जहानाबाद में दो-दो, कैमूर, सिवान, हाजीपुर, नालंदा व मुंगेर में एक-एक की मौत हुई है।औरंगाबाद में लू से प्रभावित 350 लोगों का उपचार चल रहा है। मृतकों में चुनाव कार्य में लगे दो शिक्षक, दो अधिकारी एक जवान समेत आठ कर्मी शामिल हैं। मुंगेर में एक दारोगा की मौत हुई है। राज्य में बुधवार को 14 और गुरुवार को 65 की मौत हो गई थी।

झारखंड में लू और गर्मी से बीमार होकर पिछले चौबीस घंटे में 16 की मौत हुई है। इनमें दो यूपी के सीतापुर और कानपुर के रहने वाले थे। पलामू में आठ, जमशेदपुर में तीन, गढ़वा में दो और हजारीबाग में तीन की जान गई है। राज्य में पिछले 48 घंटे में 33 लोगों की मौत हुई है। यूपी के मीरजापुर व सोनभद्र में 11 मतदान कर्मियों की हालत बिगड़ गई, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

डॉक्टरों के मुताबिक, किसी में तेज बुखार, उच्च रक्तचाप तो किसी शुगर लेवल भी बढ़ा मिला। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में भी 13 लोगों की हालत गर्मी से बिगड़ने के कारण मौत हो गई। शुक्रवार को मथुरा-वृंदावन प्रदेश में सर्वाधिक तापमान वाले स्थान रहे। यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया। राजस्थान में तेज गर्मी के कारण प्रदेश के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की भरतपुर में जनसुनवाई करते हुए तबीयत बिगड़ गई। राजस्थान में मरने वालों में धौलपुर में पुलिस के एक सिपाही, अलवर में 70 वर्षीय बुजुर्ग और टोंक में दो किसान शामिल हैं।

पहाड़ों में भी जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक आसमान से आग बरस रही है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में लू के थपेड़ों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। देहरादून में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2012 में 30 मई को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हिमाचल प्रदेश में भी शुक्रवार को भी कई क्षेत्रों में लू चली। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में 45 डिग्री सेल्सियस रहा।

योगी बोले-नहीं कटनी चाहिए बिजली

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि गांव हो या शहर, कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहत आयुक्त कार्यालय के स्तर से मौसम पूर्वानुमान का दैनिक बुलेटिन जारी करने का भी निर्देश दिया है। सभी नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ रखवाए जाएं। सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। पानी की कमी से प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। अयोध्या, काशी, मथुरा सहित सभी धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

राजस्थान के मंत्री बोले- राहत का प्रविधान नहीं

राजस्थान के कृषि एवं आपदा राहत मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि लू मौत पर मुआवजे का प्रविधान नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस बारे में केंद्र सरकार को पत्र लिखवाकर लू से हुई मौतों को एसडीआरएफ में शामिल करने का आग्रह करेंगे।

बता दें, गुरुवार को राजस्थान हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि वे लू जाने गंवाने वालों के आश्रितों को मुआवजा दें।

यात्रियों को बिना एसी चालू किए विमान में चढ़ाया, कई यात्री बेहोश

नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान में 23 घंटे से अधिक की देरी होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को बिना एसी चालू किए विमान में चढ़ाया गया था। विमान में एसी चालू नहीं होने से गर्मी के कारण कुछ यात्री बेहोश हो गए। एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब सैन फ्रांसिस्को उड़ान में एअर इंडिया के यात्रियों को अत्यधिक देरी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा है।

नागर विमानन महानिदेशालय ने दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अत्यधिक देरी के कारण यात्रियों को हुई परेशानी के लिए शुक्रवार को एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.