Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Monsoon: यूपी के 32 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन से पहाड़ों में जनजीवन प्रभावित; उत्तराखंड में रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में मानसून मेहरबान है। पांच-छह दिनों से कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। लखनऊ के आसपास समेत लगभग 32 जिलों में शनिवार और रविवार को भारी वर्षा के पूर्वानुमान है। उत्तराखंड में भारी वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। राजस्थान में वर्षाजनित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sat, 06 Jul 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
यूपी के 32 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन से पहाड़ों में जनजीवन प्रभावित

 जागरण टीम, नई दिल्ली। भारी वर्षा के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के बड़े हिस्से में जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की वर्षा के साथ आंधी व बिजली गिरने का अनुमान जताया है। राजस्थान में वर्षाजनित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।

उत्तराखंड में 100 सड़कें बंद

उत्तराखंड में भारी वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है तो मैदानी क्षेत्र में लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। प्रदेश में लगभग 100 सड़कें बंद हैं, जिसकी वजह से 200 से अधिक गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। चारधाम यात्रा मार्ग भी निरंतर अवरुद्ध हो रहे हैं। उत्तरकाशी में फाइबर केबल क्षतिग्रस्त होने से 250 गांवों में चार घंटे तक संचार सेवा बाधित रही। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी करीब पांच घंटे अवरुद्ध रहा।

नैनी झील का जलस्तर 2.8 फीट बढ़ गया

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी सात घंटे बाधित रहा। रुद्रप्रयाग में केदारघाटी को जोड़ने वाली सुरंग का एक हिस्सा टूटने से गौरीकुंड राजमार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। मूसलधार वर्षा से नैनी झील का जलस्तर 2.8 फीट बढ़ गया है। पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा को जोड़ने वाला धारचूला-तवाघाट मार्ग अब तक नहीं खुल पाया है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित

इस कारण आदि कैलास से लौटे 35 यात्री तवाघाट के पास फंसे हुए हैं। टनकपुर में मां पूर्णागिरि के मुख्य मंदिर से पहले चट्टान दरकने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। कई जिलों में वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों में 12वीं तक के स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।

कुल्लू और किन्नौर में बाढ़ आने की चेतावनी जारी

हिमाचल प्रदेश के छह जिलों मंडी, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है। मनाली से लेह जाने वाले मार्ग पर जिंगजिंगबार के समीप गुरुवार रात को बाढ़ आने से दोनों तरफ वाहन व पर्यटक फंस गए। शुक्रवार सुबह फिर से बाढ़ आने से सड़क में दलदल की स्थिति हो गई, जिस कारण वाहनों की आवाजाही फिर थम गई। कई स्थानों पर भूस्खलन और पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। शुक्रवार को रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रों पर हिमपात हुआ।

जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन

जम्मू-कश्मीर में झमाझम बारिश से हिमकोटी क्षेत्र में जगह-जगह पहाड़ों से पत्थर गिरने से मां वैष्णो देवी का बैटरी कार मार्ग रात को बंद कर दिया गया। ऊधर, जम्मू में मानसून के दस्तक देने से शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान श्रीनगर के बराबर पहुंच गया है। जम्मू का अधिकतम तापमान 34.3 और श्रीनगर का 34.2 डिग्री रहा। अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में दोपहर से शाम तक बारिश जारी रही। भूस्खलन के कारण जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग करीब तीन घंटे तक बंद रहा।

यूपी में अत्यधिक बरसात की चेतावनी जारी

उत्तर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में मानसून मेहरबान है। पांच-छह दिनों से कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार तक पूर्वी यूपी के साथ मध्य और दक्षिणी इलाकों में अत्यधिक बरसात की चेतावनी जारी की है। आंधी की भी आशंका जताई है। लखनऊ के आसपास समेत लगभग 32 जिलों में शनिवार और रविवार को भारी वर्षा के पूर्वानुमान है।

राजस्थान में भारी बारिश जारी

बिहार में रुक-रुककर हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। पंजाब के कई जिलों में शनिवार व रविवार को भारी वर्षा होने का अलर्ट है। शनिवार को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।