Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

IIT के बाद अमेरिका से पढ़ाई, क्रिकेट और टेनिस में भी दिखाया हुनर, कौन हैं मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव अनुराग जैन?

IAS Anurag Jain MP New Chief Secretary वरिष्ठ आईएएस अनुराग जैन को मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। वर्तमान में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्त पर हैं और सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अनुराग जैन प्रशासन से लेकर पढ़ाई एवं खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। जानिए उनके बारे में सब कुछ।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Mon, 30 Sep 2024 04:13 PM (IST)
Hero Image
अनुराग 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अफसर हैं। (Photo- X@MORTHIndia)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन को प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया है। वह वर्तमान मुख्य सचिव वीर राणा की जगह लेंगे, जो सोमवार को सेवानिवृत्त हो गईं। बता दें कि अनुराग जैन 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव पद की कार्यभार संभाल रहे हैं।

अनुराग जैन बेहद होनहार और काबिल अफसर माने जाते हैं और प्रदेश से लेकर केंद्र तक महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्हें प्रधानमंत्री की पसंद का अधिकारी माना जाता है। अनुराग मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं। उन्होंने 1986 में आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक ऑनर्स की डिग्री हासिल की।

टेनिस में जीते 11 नेशनल अवॉर्ड 

1989 में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा क्लियर की और आईएएस बने। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के मैक्सवेल स्कूल से लोक प्रशासन में एमए भी पूरा किया। अनुराग पढ़ाई के साथ-साथ खेल के मैदान में भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुके हैं। वह टेनिस में 11 नेशनल अवॉर्ड जीत चुके हैं। यही नहीं, वह क्रिकेट के भी बहुत अच्छे खिलाड़ी रहे हैं और इसमें मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

(Photo- Instagram/@morthindia)

पीएमओ में भी रहे

बतौर आईएएस अनुराग जैन ने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। वह मंडला, मंदसौर और भोपाल में कलेक्टर रह चुके हैं। वहीं 2005 में वह मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सचिव भी रह चुके हैं। साल 2011 से 2015 तक उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव का पद भी संभाला।

इसके बाद विधानसभा चुनावों से पहले उनकी प्रदेश में वापसी हुई और यहां वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाली। साल 2020 में वह फिर से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए थे। अब उन्हें बतौर मुख्य सचिव मध्य प्रदेश में वापस नियुक्ति मिली है। वह अगस्त 2025 में रिटायर होंगे।