Move to Jagran APP

रजाई-कंबल निकाल लो! उत्तर भारत में दीवाली से पहले ठंड की शुरुआत, पहाड़ों में होगी बर्फबारी

दीवाली से पहले ठंड दस्तक देने आ रही है। आईएमडी के मुताबिक पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन रही है। 24 अक्टूबर तक उत्तर भारत के पहाड़ों पर इसका असर देखा जा सकता है। वहीं स्काइमेट ने कहा कि दीवाली से पहले उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत हो जाएगी। पिछले वर्ष दिसंबर तक पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया था जिसके चलते ठंड की शुरुआत काफी देर से हुई थी।

By Jagran News Edited By: Manish Negi Updated: Fri, 18 Oct 2024 10:45 PM (IST)
Hero Image
दिवाली से पहले ठंड देगी दस्तक (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून की वापसी के साथ ही मौसम में उतार-चढ़ाव शुरू हो गया है। उत्तर भारत के राज्यों में तापमान में गिरावट है। फिर भी सामान्य से अधिक है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने एक हफ्ते तक देश के उत्तरी हिस्से में मौसम में बड़े परिवर्तन से इनकार किया है, लेकिन पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन रही है, जिसका असर 24 अक्टूबर तक उत्तर भारत के पहाड़ों पर देखा जाएगा।

दीपावली से पहले ठंड की शुरुआत

मौसम पर नजर रखने वाली निजी एजेंसी स्काइमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिवाली से पहले उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत हो जाएगी। हालांकि, फिर भी अधिक ठंड नहीं पडे़गी, लेकिन लोगों को आगे लिए सतर्क जरूर कर देगी।

पहाड़ों पर होगी अच्छी बर्फबारी

भारत में ठंड की शुरुआत उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के माध्यम से होती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत की पहाड़ियों में बर्फबारी होती है। पिछले वर्ष दिसंबर तक पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया था, जिसके चलते ठंड की शुरुआत काफी देर से हुई थी। आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ का समय अक्टूबर से मार्च तक होता है। इस बार 24 अक्टूबर को पहली बार दस्तक देगा और अगले तीन दिनों तक बरकरार रहेगा। इससे पहाड़ों में अच्छी बर्फबारी होगी। उसके बाद यह पूर्व दिशा की ओर बढ़ जाएगा। फिर उत्तर-पश्चिम से जो हवाएं चलने लगेंगी, वह ठंड लेकर आएंगी।

सुबह और शाम का सुहाना होगा मौसम

एक हफ्ते तक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत गंगा के मैदानी इलाकों में मौसम संबंधी कोई परिवर्तन नहीं दिखेगा। दिन में धूप निकलती रहेगी और रातें थोड़ी ठंडी रहेंगी। सुबह और शाम का मौसम सुहाना हो जाएगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी बारिश का अनुमान नहीं है, किंतु मध्य बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव का असर झारखंड एवं ओडिशा पर पड़ना तय है। अगले चार दिनों में यह तूफान की शक्ल भी ले सकता है, जिससे दक्षिण भारत के कई राज्यों समेत झारखंड में भी छिटपुट बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में बदलने लगा मौसम

उधर, उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौजम का मिजाज बदलने लगा है। बादल मंडरा रहे हैं और हवाएं भी चल रही हैं। कुछ जगहों पर पहाड़ों पर बर्फबारी भी हुई है। वहीं, कुछ जगहों पर बारिश भी हुई। ऊपरी इलाकों के साथ ही निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई।