Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

इंदिरा गांधी जन्मशती समारोह कल से, भाजपा को घेरने की तैयारी

राष्ट्रभक्त बनाम देशभक्त का वातावरण बना कर भारतीय जनता पार्टी को घेरने का अभियान कांग्रेस छेड़ेगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Updated: Tue, 12 Sep 2017 05:52 AM (IST)
Hero Image
इंदिरा गांधी जन्मशती समारोह कल से, भाजपा को घेरने की तैयारी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के जन्मशती समारोहों के जरिये राष्ट्रभक्त बनाम देशभक्त का वातावरण बना कर भारतीय जनता पार्टी को घेरने का अभियान कांग्रेस छेड़ेगी। 13 सितंबर से प्रदेश में दस स्थानों पर बड़े आयोजन होंगे, जिसमें इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल की नीतियों और उपलब्धियों को प्रचारित करने के साथ भाजपा सरकारों को जवाब दिया जाएगा।

राष्ट्रभक्त व देशभक्त में अंतर : राजबब्बर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर का कहना है कि भाजपाई खुद को राष्ट्रभक्त होने का दावा करते रहे हैं लेकिन, उन्हें देशभक्ति कांग्रेसियों से सीखनी होगी। देशभक्त व राष्ट्रभक्त होने में मामूली अंतर है। देशभक्त अपने देश के लिए प्राण न्यौछावर करता है और राष्ट्रभक्त केवल नारे लगा सांस्कृतिक बदलाव की बातें करते हैं। भाजपाई बताएं कि उनके कितने लोगों के देश की खातिर कुर्बानी दीं। केवल बयान और नारों से राष्ट्रभक्ति जताने वालों ने माहौल बिगाड़ने के अलावा कुछ नहीं किया।

विशेषज्ञ बताएंगे इंदिरा शासन की खूबियां

इंदिरा गांधी के जन्मशती समारोह लखनऊ से शुरू होकर झांसी, वाराणसी, मेरठ, बरेली, अलीगढ़, गोरखपुर, रायबरेली, आगरा, इलाहाबाद में आयोजित होंगे। समापन इलाहाबाद में 17 अक्टूबर को होगा। प्रत्येक कार्यक्रम में आसपास के जिलों से भीड़ जुटायी जाएगी। प्रत्येक न्याय पंचायत व शहरी क्षेत्रों में वार्ड से एक कार्यकर्ता की उपस्थिति अनिवार्य की गयी है। मंच से विषय विशेषज्ञों का संबोधन होगा, जिसमें इंदिरा गांधी और भाजपा शासनकाल के अंतर को बताया जाएगा।

प्रियंका और राहुल भी शामिल होंगे

समारोह की श्रृंखला में कांग्रेस के सभी शीर्ष नेता अलग अलग स्थानों पर भाग लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी किसी एक कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। माना जा रहा है कि रायबरेली में चार नवंबर अथवा इलाहाबाद में 17 अक्टूबर को गांधी परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने बताया कि अभी शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राहुल गांधी का शामिल होना लगभग तय है।

यह भी पढें: भाजपा - कांग्रेस वजूद बचाने किसानों को बना रही मोहरा : अभय चौटाला