Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ओमान के पास डूबे ऑयल टैंकर से INS तेग ने बचाई 8 भारतीयों की जान, बाकियों की तलाश जारी

ओमान के पास डूबे ऑयल टैंकर से INS तेग द्वारा बचाए गए 8 भारतीय तट पर पहुंच गए हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। वहीं एक भारतीय व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और सरकार हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रही है।

By Agency Edited By: Babli Kumari Updated: Thu, 18 Jul 2024 02:55 PM (IST)
Hero Image
आईएनएस तेग ओमान तट पर चला रखा है बचाव अभियान (फोटो/भारतीय नौसेना)

एएनआई, नई दिल्ली। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गुरुवार को कहा कि पलटे हुए तेल टैंकर एमवी प्रेस्टीज फाल्कन से बचाए गए आठ भारतीय नागरिक तट पर पहुंच गए हैं और फिलहाल उनकी देखभाल की जा रही है।

दुखद बात यह है कि एक भारतीय चालक दल के सदस्य का शव बरामद कर लिया गया है। भारत सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रही है।

बचाव अभियान अभी भी जारी

भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तेग 15 जुलाई को एमवी प्रेस्टीज फाल्कन के पलटने के बाद से ओमान के तट पर एक महत्वपूर्ण खोज और बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहा है। अब तक, बचाव अभियान ने क्षतिग्रस्त जहाज से नौ चालक दल के सदस्यों को सफलतापूर्वक बचा लिया है, जिनमें आठ भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक शामिल हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है। वहीं, नौसेना और ओमानी अधिकारी शेष लापता चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं।

बचाव और तलाशी अभियान जारी 

भारतीय नौसेना ने बुधवार रात को यह जानकारी दी। नौसेना ने बताया कि जहाज 15 जुलाई को ओमान में रास मदराख से दक्षिण पूर्व में करीब 25 समुद्री मील दूर समुद्र में डूब गया था और ओमान के अधिकारियेां के साथ मिलकर बचाव तथा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

भारतीय नौसेना ने कहा- 'एक सदस्य मृत पाया गया'

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र (एमएससी) ने कहा कि मालवाहक पोत एमटी फाल्कन प्रेस्टीज पर सवार चालक दल के सदस्यों की संख्या 16 थी जिनमें 13 भारतीय और तीन श्रीलंकाई थे। उसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक सदस्य मृत पाया गया। हालांकि उसकी नागरिकता का अभी तक पता नहीं चला है। उसने कहा कि प्रेस्टीज फाल्कन पर सवार चालक दल के 10 सदस्यों का पता चल गया है जिनमें नौ जीवित मिले हैं और एक सदस्य मृत मिला।

यह भी पढ़ें- 6 सैन्य जहाज और 20 विमानों के जरिए चीन ने की ताइवान को घेरने की कोशिश, ड्रैगन की साजिश का यूं हुआ पर्दाफाश