Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Year Ender: 2022 में इन सेलिब्रिटीज ने दुनिया को कहा अलविदा, राजनीति–संगीत आदि इन क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति

साल 2022 बस कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है। इस साल राजनीति कारोबार नृत्यकला गायन और संगीत से जुड़ी कुछ मशहूर हस्तियों ने दुनिया को अलविदा कहा जिसमें कई बड़े नाम शामिल हैं। आइए नजर डालते हैं उन नामों पर जिनकी जिंदगी का आखिरी साल रहा 2022...

By Versha SinghEdited By: Versha SinghUpdated: Tue, 27 Dec 2022 04:21 PM (IST)
Hero Image
2022 में इन सेलिब्रिटीज ने दुनिया को कहा अलविदा

नई दिल्ली, वर्षा सिंह। Famous Personalities Died In 2022: साल 2022 ने हमें कई मशहूर हस्तियों को अलविदा कहते हुए देखा, जिन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। भारत की कोकिला 'लता मंगेशकर, भारतीय अरबपति व्यवसायी राहुल बजाज और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव उन लोगों में शामिल थे जिनका साल 2022 में निधन हो गया।

इस वर्ष दिवंगत होने वालों की सूची में दुनिया के कई मशहूर लोग शामिल रहे हैं। लेकिन ऐसा न हो कि हम यह भूल जाएं कि वे हमारे रोजमर्रा के जीवन से कितने जुड़े हुए थे, यहां इस खबर में हम कुछ प्रसिद्ध लोगों का फ्लैशबैक लेकर आए है, जिन्हें हमने इस साल 2022 में अलविदा कहा।

पंडित बिरजू महाराज (Pandit Birju Maharaj)

कथक सम्राट के नाम से मशहूर पंडित बिरजू महाराज ने भारतीय नृत्यकला को पूरी दुनिया में पहचान दिलाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी। गायन और नृत्य को अद्वैत दर्शन मानने वाले बिरजू महाराज का जन्म 4 फरवरी 1937 को लखनऊ के नृत्य घराने में हुआ था। चाचा लच्छू महाराज से नृत्य की शिक्षा लेने वाले बिरजू महाराज को भारत सरकार ने साल 1983 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। इसके अलावा बिरजू महाराज को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, कालिदास सम्मान के साथ-साथ बीएचयू से डॉक्टरेट की उपाधि भी मिली थी। 17 जनवरी, 2022 को 83 साल की उम्र में बिरजू महाराज का निधन दिल्ली में हुआ था।

लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar)

स्वर कोकिला लता मंगेशकर पिछले काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। 6 फरवरी 2022 को लता मंगेशकर ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में अपनी अंतिम सांसे लीं। देशभर में उनके निधन से शोक की लहर रही। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

राहुल बजाज (Rahul Bajaj)

देश के जानी-मानी स्कूटर की कंपनी बजाज ग्रुप के चेयरमैन राहुल बजाज ने भी इसी साल इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 12 फरवरी को राहुल बजाज ने आखिरी सांस ली। राहुल बजाज राज्यसभा के सदस्य भी थे। 1965 में राहुल बजाज ने बजाज ग्रुप (Bajaj Group) की कमान संभाली थी और 2001 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था। Forbes की रियल टाइम बिलियनेयर्स रैंकिंग्स के मुताबिक फरवरी 2022 तक राहुल बजाज की कुल नेटवर्थ (Networth) 8.2 बिलियन डॉलर थी।

बप्पी लहरी (Bappi Lahiri)

‘बप्पी दा’ ने न केवल बॉलीवुड में, बल्कि बंगाली, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी कई चार्टबस्टर्स किए थे। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को कई हिट गाने दिए हैं। 15 फरवरी, 2022 को 69 वर्ष की आयु में ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया से मुंबई में उनका निधन हो गया था।

पंडित शिव कुमार शर्मा (Pandit Shiv Kumar Sharma)

विश्वप्रसिद्ध संगीतकार और संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा का मुंबई में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया था। वे 84 वर्ष के थे। वे पिछले छह महीने से किडनी संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे और डायलिसिस पर थे। पं. शिव कुमार शर्मा के सचिव दिनेश द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पं. शिव कुमार शर्मा का निधन प्रातः 8 से 8.30 बजे के करीब हुआ था। पंडित शिव कुमार शर्मा का हिन्दी सिनेमा जगत में अहम योगदान रहा है। बॉलीवुड में 'शिव-हरि' नाम से मशहूर शिव कुमार शर्मा और हरि प्रसाद चौरसिया की जोड़ी ने कई सुपरहिट गानों में संगीत दिया था। इसमें से सबसे प्रसिद्ध गाना फिल्म 'चांदनी' का 'मेरे हाथों में नौ-नौ चूड़ियां' रहा, जो दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी पर फिल्माया गया था।

सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala)

इसी साल 29 मई को सिंगर, एक्टर, रैपर और पॉलिटिशियन रहे सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त मूसेवाला खुद अपनी थार जीप चला रहे थे। तभी सामने से काले रंग की एक गाड़ी आई, जिसमें मौजूद लोग थार पर लगातार गोलियां चलाने लगे। सिद्धू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। कांग्रेस सरकार में मूसेवाला की सुरक्षा तगड़ी थी। उनकी सिक्योरिटी में पंजाब पुलिस के 10 जवान हर वक्त मौजूद रहते थे। लेकिन पंजाब में भगवंत मान की सरकार बनने के बाद उनकी सुरक्षा घटा दी गई। उनके पास 10 की जगह केवल 2 सिक्योरिटी गार्ड ही छोड़े गए थे। हत्या का आरोप लॉरेंस विश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ पर लगा है।

केके (Krishnakumar Kunnat)

केके या कृष्णकुमार कुन्नत, एक फेमस भारतीय प्ले बैक सिंगर थे। उनके गाए हुए गाने आज भी लाखों लोग सुनते हैं। 31 मई, 2022 को दक्षिण कोलकाता के नजरुल मंच सभागार में एक लाइव म्यूजिक कंसर्ट के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

एलिज़ाबेथ द्वितीय (Elizabeth II)

क्वीन एलिजाबेथ-II का निधन 8 सितंबर 2022 को 96 वर्ष की आयु में हुआ था। ब्रिटेन की महारानी के पद पर उनकी ताजपोशी साल 1952 में हुई थी। वह 70 साल तक इस पद पर बनी रहीं।

राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala)

शेयर मार्केट के बिगबुल राकेश झुनझुनवाला का निधन 2022 में 62 साल की उम्र में हुआ था। दिग्गज कारोबारी झुनझुनवाला के निधन की पुष्टि ब्रीच कैंडी अस्पताल ने की थी। राकेश झुनझुनवाला को भारत का वारेन बफेट भी कहा जाता है।

राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava)

राजू श्रीवास्तव देश और दुनिया के एक प्रसिद्ध कॉमेडियन और अभिनेता थे। इनका निधन 21 सितंबर, 2022 को AIIMS दिल्ली में हुआ था। राजू श्रीवास्तव वो नाम था, जिसे सुनकर ही हंसी-ठिठोली याद आ जाती थी। देश के कॉमेडी किंग माने जाने वाले राजू श्रीवास्तव ने दुनिया को साल 2022 में अलविदा कह दिया था। मौत से पहले उन्होंने “द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों को खूब हंसाया था।

साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry)

पालोनजी शापोरजी फैमिली (Pallonji Shapoorji Family) के लिए साल 2022 सबसे खराब साबित हुआ। पहले जून महीने में पालोनजी मिस्त्री का निधन हुआ और इसके गम से परिवार उबरा भी नहीं था, जब तक सितंबर महीने में टाटा संस (Tata Sons) के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। गुजरात से लौटते समय महाराष्ट्र के पालघर में उनकी मर्सिडीज कार डिवाइडर से टकरा गई थी और इस हादसे में उनकी जान चली गई थी। साइरस मिस्त्री टाटा संस के छठे और सबसे युवा चेयरमैन थे।

मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav)

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव लंबे समय से बीमारी चल रहे थे। देश के रक्षा मंत्री रहने के साथ मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। खुद को राम मनोहर लोहिया का शिष्य कहने वाले मुलायम सिंह यादव सपा कार्यकार्ताओं के बीच नेता जी के नाम से लोकप्रिय थे। इसके अलावा लोग उन्हें धरती पुत्र कहकर भी संबोधित करते थे। लगभग 5 दशकों के लंबे राजनीतिक जीवन में 8 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद रहे।  मुलायम सिंह 90 के दशक में प्रधानमंत्री का पद पाते-पाते रह गए थे। मौजूदा समय में उनके बेटे अखिलेश यादव सपा की अगुआई कर रहे हैं।

अरुण बाली (Arun Bali)

अरुण बाली का नाम भला कौन नहीं जानता है। टीवी शो में अपने अभिनय का लोहा मनमाने के बाद उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी काम किया। बाली ने कई लोकप्रिय टीवी शो में काम किया। उन्होंने 1991 के ऐतिहासिक नाटक चाणक्य में राजा पोरस, दूरदर्शन के सोप ओपेरा स्वाभिमान में कुंवर सिंह और 2000 के दशक में कुमकुम में हर्षवर्धन वाधवा जैसी कई भूमिकाएं निभाईं और कई पुरस्कार भी जीते। इस साल 7 अक्टूबर 2022 को 79 वर्ष की उम्र में अरुण बाली ने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया और पीछे छोड़ गए अपनी बेहतरीन अभिनय की अनगिनत यादें।