Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

TOP 10 News: देश के 50वें प्रधान न्यायाधीश बने जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, संजय राउत की जमानत के आदेश पर रोक खारिज

TOP 10 Stories 9 November 2022 आइए आज दिन-भर 10 बड़ी खबरों पर एक नजर डालते हैं। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ भारत के 50वें प्रधान न्यायाधीश बन गए हैं। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ दिलाई।

By Ashisha Singh RajputEdited By: Updated: Wed, 09 Nov 2022 11:49 PM (IST)
Hero Image
बुधवार को देश और दुनिया में कई ऐसी घटनाएं घटी जिसने सुर्खियां बटोरी।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। बुधवार को देश और दुनिया में कई ऐसी घटनाएं घटी जिसने सुर्खियां बटोरी। आइए आज दिन-भर 10 बड़ी खबरों पर एक नजर डालते हैं। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ भारत के 50वें प्रधान न्यायाधीश बन गए हैं। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ दिलाई। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ 10 नवंबर, 2024 तक इस पद पर रहेंगे।

वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र में मुंबई की पीएमएलए कोर्ट ने बुधवार को शिवसेना सांसद संजय राउत और सह आरोपित प्रवीण राउत की जमानत के आदेश पर रोक को खारिज कर दिया है, उन्हें रिहा किया जाएगा। करीब 101 दिन से जेल में बंद शिवसेना सांसद संजय राउत को मुंबई की एक विशेष अदालत ने जमानत दे दी है।

पढ़ें आज की टॅाप 10 खबरें

1- देश के 50वें प्रधान न्यायाधीश बने जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, पीएम मोदी ने दी बधाई

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ भारत के 50वें प्रधान न्यायाधीश बन गए हैं। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ दिलाई। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ 10 नवंबर, 2024 तक इस पद पर रहेंगे। उन्होंने जस्टिस उदय उमेश ललित का स्थान लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने पर डा. न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ को बधाई दी।

2- Money Laundering Case: संजय राउत की जमानत के आदेश पर रोक खारिज, होगी रिहाई

महाराष्ट्र में मुंबई की पीएमएलए कोर्ट ने बुधवार को शिवसेना सांसद संजय राउत और सह आरोपित प्रवीण राउत की जमानत के आदेश पर रोक को खारिज कर दिया है, उन्हें रिहा किया जाएगा। करीब 101 दिन से जेल में बंद शिवसेना सांसद संजय राउत को मुंबई की एक विशेष अदालत ने जमानत दे दी है। प्रवर्तन निदेशालय ने गोरेगांव के पात्रा चाल पुनर्विकास मामले से उत्पन्न एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले के सिलसिले में 31 अगस्‍त को छापेमारी कर एक अगस्‍त को राउत को गिरफ्तार किया था।

3- Meta Job Cut: फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने निकाले 11 हजार कर्मचारी, जुकरबर्ग ने बताया, 'कठिन फैसला'

ट्विटर के बाद फेसबुक की पैरेंट कंपनी 'मेटा' ने जाब कट का अहम फैसला लिया। बुधवार को मेटा प्लेटफार्म इंक ने ऐलान किया कि यह अपने 13 फीसद यानी 11 हजार से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रहा है। फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने आज घोषणा की कि वह निराशाजनक कमाई और रेवेन्यू में गिरावट की भरपाई करने के लिए 11000 से अधिक कर्मचारियों को निकालने जा रही है। पिछले दिनों टेक जगत में व्यापक स्तर पर नौकरी में कटौती के मामले सामने आए हैं।

4- PM Modi Himachal Visit: रैली को संबोधित कर लौट रहे मोदी ने एंबुलेंस देख रुकवा दिया काफ‍िला, देखिए वीडियो

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार को शाहपुर पहुंचे पीएम मोदी ने एंबुलेंस को देखकर अपना काफ‍िला रोक दिया। पीएम मोदी जैसे ही चंबी मैदान में रैली को संबोधित करने के बाद एयरपोर्ट की ओर बढ़ने लगे तो सामने से एंबुलेंस को आता देखकर पीएम ने अपने काफ‍िले को रुकने का इशरा कर दिया। पीएम माेदी ने शायद चंबी पुल पर आती एंबुलेंस को दूर से ही देख लिया था। इस कारण उन्‍होंने अपने वाहनों को हाईवे पर जाने से पहले ही रुकवा दिया। एंबुलेंस के शाहपुर की ओर निकल जाने के बाद ही मोदी का काफ‍िला हाईवे से कांगड़ा एयरपोर्ट की ओर बढ़ा।

5- ताइवान संग तनाव के बीच जंग की तैयारी में चीन, सेना को तैयारी का आदेश; राष्ट्रपति चिनफिंग ने किया अहम ऐलान

देश की सुरक्षा पर खतरों की आशंका के मद्देनजर चीन सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने में जुट गया है। इस क्रम में यहां सैन्य प्रशिक्षण को मजबूती दी जानी है। ताइवान के साथ तनावों के बीच चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मंगलवार को कहा कि बीजिंग सैन्य प्रशिक्षण को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही किसी भी जंग के लिए तैयार रहेगा। दुनिया के सामने चीन ने अपनी नई एंटी शिप हाइपरसोनिक मिसाइल को पेश किया। ऐसा मानना है कि चीन की मिसाइल YJ-21 नया एडिशन है। इसे रूसी हाइपरसोनिक मिसाइल किंझल की नकल बताया जा रहा है।

6- Gujarat Election: BJP की चुनाव समिति की बैठक, पीएम मोदी भी हुए शामिल; गुजरात के उम्मीदवारों पर लगेगी मुहर

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। राजनीतिक दलों ने इसे लेकर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक हो रही है। बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया पहुंच गए हैं।

7- Mainpuri Bypoll: अखिलेश के लिए आसान नहीं सपा की विरासत मैनपुरी सीट बचा पाना, शिवपाल के रुख से बढ़ी मुश्किलें

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Lok Sabha Seat) बचा पाना सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए आसान नहीं है। उपचुनाव में भाजपा की आक्रामक तैयारी के साथ ही चाचा शिवपाल सिंह यादव के ताजा रुख ने अखिलेश यादव की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मैनपुरी में मुलायम की सियासी विरासत आगे बढ़ाने के लिए सैफई परिवार को एक कर अखिलेश अभी तक प्रत्याशी चयन भी नहीं कर पाए हैं।

8- Russia-Ukraine War: रूस ने खेरसान के पश्चिमी तट से सैनिकों की वापसी का किया ऐलान, रक्षा मंत्री का बड़ा फैसला

रूस ने यूक्रेन के खेरसान से अपने सैनिकों को पीछे लेने का ऐलान किया है। रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने बुधवार को खेरसान शहर की निप्रो नदी से अपने सैनिकों को पीछे हटने के आदेश दिए हैं। बता दें कि खेरसान शहर पर युद्ध के दौरान रूस ने कब्जा कर लिया था, जिसे वापस हथियाने के लिए यूक्रेन ने तैयारियां शुरू कर दी थी।

9- Kashi Tamil Sangamam में तमिलनाडु से शामिल होंगे 2000 से अधिक छात्र, रेलवे करेगा विशेष कोच की व्यवस्था

काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने ज्ञान और प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को फिर से तलाशने के केंद्र सरकार के प्रयासों के तहत आयोजित होने वाले समारोह 'काशी तमिल संगमम' में तमिलनाडु के विश्वविद्यालयों के 2,000 से अधिक छात्र ट्रेन से बनारस पहुंचेंगे। 16 नवंबर से 19 दिसंबर तक वाराणसी में 'काशी तमिल संगमम' का आयोजन किया जाएगा। तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों से लगभग 200-210 छात्रों का समूह आठ दिनों की अवधि के लिए बनारस आएगा। एक महीने के भीतर छात्रों का 12 समूह बनारस की यात्रा करेगा। यात्रा का खर्च सरकार वहन करेगी।

10- IND VS PAK T20 WC 2022: पाकिस्तान के मेंटोर मैथ्यू हैडन ने कहा- Final में भारत और पाकिस्तान की हो भिड़ंत

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट के हरा दिया। नॉक आउट मुकाबलें में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 152 रन बनाए। वहीं पाकिस्तान ने तीन विकेट खोकर 153 रन बना लिए। मैच जीतने के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पाकिस्तान के मेंटोर मैथ्यू हेडन ने फाइनल मुकाबले को लेकर दिलचस्प बात कही है। हेडन ने कहा, 'मै चाहता हूं कि फाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला भारत (INDIA VS PAKISTAN) से हो ।