Move to Jagran APP

ललित कला अकादमी: कुछ तो है जिसकी परदादारी है और वो बाहर आने के लिए बेचैन है

ललित कला अकादमी के अध्यक्ष उत्तम पचारणो ने संस्कृति मंत्रलय पर अकादमी के कामकाज में बाधा डालने की बात कही। मंत्री की मौजूदगी में कही गई उनकी इन बातों का मंत्री ने नोटिस लिया।

By Vinay TiwariEdited By: Updated: Sun, 18 Aug 2019 02:32 PM (IST)
Hero Image
ललित कला अकादमी: कुछ तो है जिसकी परदादारी है और वो बाहर आने के लिए बेचैन है
नई दिल्ली [अनंत विजय]। हाल ही में ललित कला अकादमी ने अपना स्थापना दिवस आयोजित किया। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल समेत कला जगत के कई मूर्धन्य उपस्थित थे। अपने संबोधन में ललित कला अकादमी के अध्यक्ष उत्तम पचारणो ने संस्कृति मंत्रलय पर अकादमी के कामकाज में बाधा डालने की बात कही।

मंत्री की मौजूदगी में कही गई उनकी इन बातों का मंत्री ने नोटिस तो लिया, लेकिन बेहद संजीदगी से उन्होंने नसीहत दी कि इस तरह की बातें सार्वजनिक मंच से न होकर आपसी संवाद के जरिये की जानी चाहिए। बात आई-गई हो गई, लेकिन ललित कला अकादमी के अध्यक्ष की बातों से ऐसा लगा कि मंत्रलय और अकादमी के बीच सामंजस्य की कमी है। ये भी लगा कि कुछ तो है जिसकी परदादारी है और वो बाहर आने के लिए बेचैन है। दरअसल ललित कला अकादमी में अलग अलग समय पर अलग अलग कारणों से विवाद होते रहे हैं। अब तो अध्यक्ष ने साफ तौर पर कह दिया है कि मंत्रलय और अकादमी के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। तो ऐसे में मंत्रलय और अकादमी दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि संवादहीनता और कामकाज की बाधाओं को दूर किया जाए। 

रवींद्र भवन में तीन अकादमियां 

दिल्ली के रवींद्र भवन में तीन अकादमियां चलती हैं- संगीत नाटक अकादमी, ललित कला अकादमी और साहित्य अकादमी। संगीत नाटक अकादमी हाल में अपने पुरस्कारों को लेकर विवाद में रही। साहित्य अकादमी भी 2015 के बाद चर्चा में रही है। पिछले दिनों इस तरह की खबरें आईं कि साहित्य अकादमी के प्रतिनिधिमंडल को चीन जाने की अनुमति संस्कृति मंत्रलय से नहीं मिली और चीन के साथ चली आ रही विचार-विनिमय की परंपरा बाधित हुई। लेकिन ललित कला अकादमी का मामला इन दोनों अकादमियों से अलग है। इसके पूर्व सचिव सुधाकर शर्मा को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। अशोक वाजपेयी जब ललित कला अकादमी के अध्यक्ष थे तो उन्होंने सुधाकर शर्मा को सचिव पद से हटा दिया था। फिर बहाली हुई, फिर हटाए गए।

अशोक वाजपेयी का कार्यकाल भी विवादित रहा। उन पर भी कई तरह के आरोप लगे। इन आरोपों की सीबीआइ जांच भी कर रही है। अशोक वाजपेयी के बाद केके चक्रवर्ती ललित कला अकादमी के अध्यक्ष बने। इनका कार्यकाल भी विवादित रहा, इनके समय में भी सुधाकर शर्मा को सस्पेंड किया गया। केके चक्रवर्ती भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और उनको बीच में ही हटाकर मंत्रलय ने ललित कला अकादमी को अपने अधीन कर लिया। ललित कला अकादमी के संविधान में ये प्रावधान है कि अगर मंत्रलय को ये लगता है कि वहां गड़बड़ियां हो रही हैं तो वो संस्थान के प्रशासन को अपने अधीन कर प्रशासक नियुक्त कर सकता है। मंत्रलय ने कृष्णा शेट्टी को अकादमी का प्रशासक नियुक्त कर दिया। प्रशासक का काम ललित कला अकादमी का चुनाव करवा महा-परिषद और कार्यकारी बोर्ड का गठन करवाना होता है। परंतु शेट्टी इसका गठन नहीं करवा पाए।

प्रोटेम चेयरमैन पर विवाद

कृष्णा शेट्टी के बाद मंत्रालय ने अपने एक संयुक्त सचिव को प्रोटेम चेयरमैन नियुक्त कर दिया। ललित कला अकादमी के संविधान की किस धारा के अंतर्गत प्रोटेम चेयरमैन बनाए गए इस पर कलाकारों के बीच लंबे समय तक चर्चा होती रही थी। इन सबके बीच मामला कोर्ट में भी गया था, लेकिन पता नहीं किन परिस्थितियों में महा-परिषद का चुनाव नहीं हो पाया। बाद में उत्तम पचारणो को यहां का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। अकादमी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अब तक महा-परिषद के सदस्यों का चुनाव नहीं हो पाया। जाहिर सी बात है कि जब महा-परिषद का गठन ही नहीं हो पाया तो कार्यकारी बोर्ड कैसे बनती, क्योंकि इसके कुछ सदस्य तो महा-परिषद के सदस्यों के बीच से ही चयनित होते हैं।

महा-परिषद के नहीं होने से ललित कला अकादमी के कामकाज में पारदर्शिता नहीं दिखाई देती है। इनमें से ज्यादातर घटनाएं पूर्व संस्कृति मंत्री महेश शर्मा के कार्यकाल में हुईं। सबसे दिलचस्प सुधाकर शर्मा का केस है। वो सचिव पद से कई बार हटाए और बहाल किए गए और जब वो रिटायर हुए तो सस्पेंड ही थे। स्वायत्तता के नाम पर अराजकता के उदाहरण के तौर पर ललित कला अकादमी के क्रियाकलापों को देखा जा सकता है। 

संस्कृति मंत्रालय से संबद्ध स्थायी समिति रिपोर्ट का स्मरण 

ललित कला अकादमी में इन तमाम विवादों को देखते हुए संसद में 17 दिसंबर 2013 को संस्कृति मंत्रालय से संबद्ध स्थायी समिति रिपोर्ट का स्मरण हो रहा है। इसमें कहा गया था, ‘हमारे संस्थापकों ने संस्कृति को राजनीति से दूर रखने के लिए इन्हें स्वायत्ता दी थी, परंतु आज ऐसा प्रतीत होता है कि राजनीति इसमें पिछले दरवाजे से प्रवेश कर गई है। इन संस्थाओं के संस्थापकों को लेखकों और कलाकारों के समुदाय की एकता पर दृढ़ विश्वास था और आज वे इन संस्थाओं को बाधित करनेवाली समस्याओं का पूर्वानुमान नहीं लगा पाए। नतीजन प्रक्रिया में पारदर्शिता के संबंध में जवाबदेही का अभाव है।

पारदर्शिता और जवाबदेही के बिना उसकी स्वयत्तता एक दोधारी हथियार बन गई है जिसका कोई भी अपनी सुविधानुसार उपयोग कर सकता है। जवाबदेही का अर्थ नियंत्रण नहीं है, बल्कि वह जिम्मेदारी है जिसके लिए स्वयत्तता का प्रयोग किया जाना है। संकट की यह स्थिति संस्कृति मंत्रलय की उदासीनता, ध्यान नहीं देने और कभी कभी असहायता वाली भूमिका के कारण और भी गंभीर हो जाती है। मंत्रलय द्वारा उनके कार्यो में जवाबदेही व पारदर्शिता तय करने के लिए कोई तंत्र मौजूद नहीं है।’ 

संसद की इस समिति ने अध्यक्ष और सचिव के बीच कार्य विभाजन स्पष्ट करने पर भी बल दिया था, क्योंकि इनके गठन के दस्तावेजों में इन दोनों के अधिकारों की सीमा अस्पष्ट थी। इसका नतीजा यह होता था कि कई बार अध्यक्ष ऐसी शक्तियों का उपयोग करने की चेष्टा करते थे जो उनको प्राप्त नहीं होती है। ललित कला अकादमी में तो स्थिति बहुत विषम है। वहां तो लंबे समय से महा-परिषद या कार्यकारी परिषद है ही नहीं, लिहाजा अराजकता ज्यादा है। अध्यक्ष के निर्देशों के कार्यान्वयित करवाने में किसी प्रकार की चूक या नियमों के उल्लंघन के लिए सचिव जिम्मेदार होते हैं, इस वजह से बहुधा दोनों के बीच तनातनी चलती रहती है। ललित कला अकादमी के सचिव के बार-बार बर्खास्त होने की वजह ये भी हो सकती है। 

संगीत नाटक अकादमी 

संगीत नाटक अकादमी में भी सचिव पर गाज गिरी ही थी। वहां की सचिव रही हेलेन आचार्य का मामला तो कोर्ट तक गया था। इस समिति ने सरकार को इन अकादमियों के संविधान में स्पष्टता लाने के लिए एक हाई पावर समिति बनाने को कहा था। उसने मई 2014 में अपनी रिपोर्ट भी दे दी। रिपोर्ट में ललित कला अकादमी के अध्यक्ष का कार्यकाल पांच वर्ष से तीन वर्ष तक करने की सिफारिश की गई। साथ ही अध्यक्ष को लगातार दो कार्यकाल देने पर भी आपत्ति जताई गई थी।

हाई पावर समिति की सिफारिशों के आधार पर ललित कला अकादमी के नए नियमों को मंत्रलय ने 26 अप्रैल 2018 को अधिसूचित कर दिया जिसका प्रकाशन भारत के राजपत्र में 27 अप्रैल को हो गया। लेकिन अब तक ललित कला अकादमी के महा-परिषद का गठन नहीं हो पाया है। चेयरमैन ही वहां के सर्वेसर्वा हैं और कोई नियमित सचिव भी नहीं हैं। एक सचिव नियुक्त भी हुए थे, लेकिन वो कुछ दिनों में इस्तीफा देकर चले गए। जाहिर सी बात है कि इन सबकी अनुपस्थिति में चेयरमैन को असीमित शक्तियां मिली हुई हैं। 

मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद संस्कृति क्षेत्र में बड़ी चुनौती 

केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के दोबारा सत्ता में आने के बाद संस्कृति के क्षेत्र में बड़ी चुनौती है। अकादमियों की वजह से जिस तरह से विवाद उठ रहे हैं उसके पीछे कई वजहें हैं। कुछ संस्थानों में निदेशक और चेयरमैन नहीं हैं जैसे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में नियमित निदेशक का पद महीनों से खाली है और चेयरमैन भी नहीं है। अब वक्त आ गया है कि केंद्र सरकार को एक ठोस संस्कृति नीति के बारे में विचार करना चाहिए। संस्कृति नीति के अभाव में इन सांस्कृतिक संस्थानों में तदर्थ आधार पर कामकाज हो रहा है। प्रह्लाद सिंह पटेल अनुभवी हैं लिहाजा उनसे ये अपेक्षा की जा सकती है कि वो देश की संस्कृति-नीति के निर्माण की दिशा में सकारात्मकता के साथ विचार करेंगे। इससे इन संस्थानों के काम-काज में तो पारदर्शिता आएगी ही भारतीय प्राच्य विद्या के संरक्षण और संवर्धन का काम भी गंभीरता से हो सकेगा।