Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा के सामान्य ज्ञान में महात्मा गांधी महापुरुष नहीं

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के तहत हाल ही में भाजपा ने पूरे प्रदेश में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता करायी थी।

By Bhupendra SinghEdited By: Updated: Fri, 08 Sep 2017 06:21 AM (IST)
Hero Image
भाजपा के सामान्य ज्ञान में महात्मा गांधी महापुरुष नहीं

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के तहत हाल ही में भाजपा ने पूरे प्रदेश में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता करायी थी। इसमें शामिल होने वाले बच्चों को संदर्भ के रूप में जो पुस्तिका दी गई थी उसमें इतिहास की व्याख्या पार्टी ने अपने अनुसार की है।

पहले प्रधानमंत्री के रूप में नेहरू का भी जिक्र नहीं

 मसलन महापुरुषों की सूची से महात्मा गांधी का नाम गायब है, लेकिन इसमें बताया गया है कि डा. भीमराव अंबेडकर ने लेखों के जरिये दलितों के प्रति गांधी के दावों को चुनौती भी दी। जिस वर्णाश्रम व्यवस्था को समस्याओं की जड़ बताया जाता है, उसे जातिवाद का विरोध करने वाली भाजपा ने अपनी ज्ञान पुस्तिका में सर्वश्रेष्ठ माना है। वहीं प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू का भी जिक्र नहीं है। इसी तरह देश की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में सुचेता कृपलानी का तो जिक्र है, लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी का नहीं। उनका नाम भारत रत्न पाने वाली पहली महिला के रूप में है। साथ में यह भी बताया गया है कि दीनदयाल उपाध्याय की मौत के समय वही प्रधानमंत्री थीं। इस पुस्तिका में न मुगलों के इतिहास का जिक्र किया गया और न ही दुनिया में खूबसूरती के लिए मशहूर ताजमहल का।

पुस्तिका में यह तो बताया गया है कि उप्र ने देश को आठ प्रधानमंत्री दिये हैं, पर नाम केवल नरेंद्र मोदी का दिया गया है। पुस्तिका के सात पन्ने देश व प्रदेश की समसामयिक घटनाओं के लिए समर्पित हैं, पर इनमें जिक्र सिर्फ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का है।

गौरतलब है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष कार्य विस्तार योजना के तहत कक्षा नौ और 10 के बच्चों के लिए यह प्रतियोगिता 26 अगस्त को हुई थी। बाढ़ और अन्य वजहों से जिन जिलों में प्रतियोगिता नहीं हो सकी थी वहां गुरुवार को हुई। मूल्यांकन के बाद सर्वाधिक अंक पाने वाले दस बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि पार्टी का लक्ष्य 14 हजार स्कूलों में प्रतियोगिता आयोजित करना था। गत अगस्त माह में अभियान चला कर पंजीकरण कराया गया। बच्चों को सामान्य ज्ञान की वह पुस्तिका दी गई जिसमें से परीक्षा में सवाल आने थे।

यह भी पढें: राहुल की पहल पर टला बिहार कांग्रेस का संकट, MLAs की सलाह- छोड़ो लालू का साथ