Move to Jagran APP

Manipur Violence: मणिपुर में उग्रवादियों ने की युवक की हत्या, गांव में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को किया गया तैनात

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने युवक की हत्या कर दी। उग्रवादियों के हमले के बाद गांव की रखवाली कर रहे स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी जवाबी फायरिंग की। कुकी आदिवासी बहुल जौपी गांव में कई घंटों तक गोलीबारी हुई। ग्रामीणों ने हमलावरों को खदेड़ दिया। हत्या के विरोध में इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आइटीएलएफ) ने चूड़चंदपुर जिले में बंद का आह्वान किया है।

By AgencyEdited By: Sonu GuptaUpdated: Sun, 26 Nov 2023 04:07 AM (IST)
Hero Image
मणिपुर में उग्रवादियों ने की युवक की हत्या।

आइएएनएस, इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि के बाद करीब दो बजकर 30 मिनट पर हथियारबंद उग्रवादियों ने जौपी गांव पर हमला कर दिया। इस हमले में 21 वर्षीय युवक खुपमिनथांग की मौत हो गई। गांव के स्वयंसेवक खुपमिनथांग ग्रामीणों द्वारा बनाए गए बंकरों में से एक की रखवाली कर रहे थे।

स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी की जवाबी फायरिंग

उग्रवादियों के हमले के बाद गांव की रखवाली कर रहे स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी जवाबी फायरिंग की। कुकी आदिवासी बहुल जौपी गांव में कई घंटों तक गोलीबारी हुई। ग्रामीणों ने हमलावरों को खदेड़ दिया। हत्या के विरोध में इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आइटीएलएफ) ने चूड़चंदपुर जिले में बंद का आह्वान किया है। गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। विष्णुपुर और कांगपोकपी जिलों के आसपास के इलाकों में भी तनाव है। हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा बलों ने लूटे गए हथियार बरामद किए, उग्रवादी को पकड़ा

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले से पांच लूटे गए हथियार बरामद किए। एक अन्य मामले में, मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले से पीआरईपीएके के सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। वह आम लोगों से जबरन वसूली में शामिल था। विभिन्न जिलों में 138 चेक-पोस्ट स्थापित किए गए हैं। कानूनों के उल्लंघन के लिए 225 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

यह भी पढ़ेंः Manipur News: मणिपुर में आइआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, उग्रवादियों ने घात लगाकर किया हमला

कुकी जो समुदाय के विधायकों को विधानसभा समितियों के अध्यक्ष पद से हटाया

कुकी-जो समुदाय से आने वाले मणिपुर के तीन विधायकों को राज्य विधानसभा की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। विधानसभा के बुलेटिन में कहा गया है कि मायांगलमबम रामेश्वर को विधानसभा अध्यक्ष ने सार्वजनिक उपक्रम समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पद पहले एलएम. खौटे के पास था।

अन्य बुलेटिन में कहा गया कि लोसी दिखो को सरकारी आश्वासन संबंधी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पद पहले हाओखोलेट किपगेन के पास था। वुंगजागिन वाल्टे के स्थान पर के. इबोम्चा को विधानसभा पुस्तकालय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्तियों से संबंधित बुलेटिन बुधवार को जारी किए गए थे।

यह भी पढ़ेंः Manipur Crisis: मणिपुर विधानसभा समितियों की अध्यक्षता से हटाए गए राज्य के 3 विधायक, कुकी समुदाय से रखते है संबंध