Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

क्या बीजेपी में शामिल होंगे मनोज मुंतशिर? BJP नेताओं से की मुलाकात, कहा- यह DNA हमें सूट करता है

मनोज मुंतशिर के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित तीन भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात हो चुकी है। जब मनोज मुंतशिर से उनके भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसका उत्तर हां या ना में देने के बजाय सिर्फ इतना कहा कि भाजपा का डीएनए हमें सूट करता है।

By Jagran News Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Tue, 17 Sep 2024 08:24 PM (IST)
Hero Image
क्या बीजेपी में शामिल होंगे मनोज मुंतशिर

राज्य ब्यूरो मुंबई: गीतकार एवं पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित तीन भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात हो चुकी है।

मनोज मुंतशिर का पूरा नाम मनोज शुक्ला है। वह मूलतः उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की गौरीगंज तहसील के रहनेवाले हैं। पिछले कुछ दिनों में ही मनोज मुंतशिर ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री सुधीर मुनगंटीवार एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है।

मंगलवार दोपहर बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद जब मनोज मुंतशिर से उनके भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसका उत्तर हां या ना में देने के बजाय सिर्फ इतना कहा कि भाजपा का डीएनए हमें सूट करता है। मनोज मुंतशिर मुंबई में वह वर्सोवा क्षेत्र में रहते हैं।

क्यों बढ़ रहा बीजेपी से मेलजोल?

यह उत्तर भारतीयों की बहुलता वाला क्षेत्र माना जाता है। इसलिए भाजपा आगामी विधानसभा क्षेत्र में उन्हें इस क्षेत्र से प्रत्याशी बनाकर अपना उत्तर भारतीय कोटा भी पूरा कर सकती है। बता दें कि मुंबई में उत्तर भारतीय मतदाताओं की संख्या कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक है। यह वर्ग कभी कांग्रेस का प्रतिबद्ध मतदाता माना जाता था। किंतु 2014 में राष्ट्रीय राजनीति में नरेंद्र मोदी के उभार के बाद से यह पूरी तरह कटकर भाजपा के साथ आ गया था।

मुंबई में कोई ऐसा सुपरिचित उत्तरभारतीय चेहरा नहीं

लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर इस वोटबैंक में बंटवारा हुआ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जो गणित अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के लिए बैठाने में सफल रहे, उसका उसर मुंबई में भी देखा गया है।

लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने सपा के नवनिर्वाचित 37 सांसदों का मुंबई में स्वागत कर आनेवाले विधानसभा चुनाव में यहां भी पीडीए समीकरण तैयार करने की शुरुआत कर दी है। दूसरी ओर भाजपा के पास मुंबई में कोई ऐसा सुपरिचित उत्तरभारतीय चेहरा नहीं है, जिसे सामने रखकर भाजपा उत्तरभारतीयों को लुभाने का दावा कर सके। जो चेहरे हैं भी, वो या तो कांग्रेस से आए हुए हैं, या इतने पुराने हो चुके हैं कि वे युवा पीढ़ी को आकर्षित नहीं कर पाते। अच्छे वक्ता के रूप में भी जाने जानेवाले मनोज मुंतशिर के भाजपा के साथ बढ़ते मेलजोल का एक कारण यह भी माना जा रहा है।