Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

National Sports Day: खेल मंत्री ने मेजर ध्यान चंद को दी श्रद्धांजलि, कहा- 2047 तक बनाना है स्वस्थ और विकसित भारत

National Sports Day हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के जन्मदिन के अवसर पर भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर गुरुवार को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने मेजर ध्यान चंद को श्रद्धांजलि दी। खेल मंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाना है जिसमें सभी स्वस्थ हों।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Thu, 29 Aug 2024 09:34 PM (IST)
Hero Image
मनसुख मांडविया ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यान चंद को दी श्रद्धांजलि। (Image- ANI)

पीटीआई, नई दिल्ली। खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यान चंद को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को हमें विकसित बनाना है, जिसमें सभी नागरिक स्वस्थ हों। इसके लिए सभी अपना पसंदीदा खेल खेलें।

स्वतंत्रता पूर्व लगातार तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद का जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। मांडविया ने यहां नेशनल स्टेडियम पर ध्यान चंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हम मेजर ध्यान चंद को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सही कहा है कि जो खेलेगा, वह खिलेगा।'

खेल मंत्री ने की अपील

उन्होंने कहा, 'देश के नागरिकों को फिट और स्वस्थ रहना है ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकें। ऐसा समाज राष्ट्र निर्माण में मदद करता है। हमें 2047 तक विकसित भारत बनाना है, जिसमें सभी नागरिक स्वस्थ हों।' उन्होंने कहा, 'स्वस्थ रहने के लिए खेलना जरूरी है। हर किसी को एक घंटे अपनी पसंद का खेल खेलना चाहिए। मैं भी अपना पसंदीदा खेल फुटबाल खेलूंगा।'

पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने पेरिस ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, 'हमें खेलों के उत्थान के लिए बहुत मेहनत करनी है। पेरिस ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।' उन्होंने कहा, 'हम बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। देश में खेल संस्कृति पैदा हो रही है जो बड़ी उपलब्धि है। सरकार खेलों पर काफी पैसा खर्च कर रही है। मुझे आशा है कि भविष्य में प्रदर्शन और अच्छा होगा।'

'तैयार करना होगा पीआर श्रीजेश जैसा गोलकीपर'

उन्होंने लगातार दूसरे ओलंपिक में कांस्य जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा, 'यह हमारे लिए स्वर्ण पदक की तरह है। इससे युवाओं को हॉकी खेलने की प्रेरणा मिलेगी। अब पीआर श्रीजेश टीम में नहीं हैं, लेकिन हमें उनके जैसा गोलकीपर तैयार करना होगा।'

राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं। आज हम मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। यह उन सभी को बधाई देने का अवसर है, जिन्हें खेलों का जुनून है और जो भारत के लिए खेले हैं। हमारी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम यह भी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि अधिक से अधिक युवा खेलें और खेलों में अपनी चमक बिखेरें।

- नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री